बैंकॉक में आए भूकंप में निर्माणाधीन ऊंची इमारत ढही: पुलिस

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 28 Mar 2025 01:28 PM
बैंकॉक में आए भूकंप में निर्माणाधीन ऊंची इमारत ढही: पुलिस
ऑडियो सुनें

बैंकॉक: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में शुक्रवार दोपहर को 7.7 तीव्रता का भूकंप आने से एक निर्माणाधीन ऊंची इमारत ढह गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस घटना में लोगों के हताहत होने के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में एक बहुमंजिला इमारत धूल के गुबार के बीच ढहती नजर आ रही है और वहां मौजूद लोग चीखते-चिल्लाते हुए भाग रहे हैं। पुलिस ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि वे बैंकॉक के ‘चटुचक मार्केट’ के पास स्थित घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य कर रहे हैं तथा उन्हें अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि इमारत ढहने के समय कितने श्रमिक वहां मौजूद थे।

बैंकॉक में शुक्रवार को 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया जिससे इमारतें हिलने लगीं। शुरूआती खबरों के अनुसार, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और जर्मनी के जीएफजेड भूविज्ञान केंद्र ने बताया कि दोपहर को यह भूकंप 10 किलोमीटर (6.2 मील) की गहराई पर आया, जिसका केंद्र पड़ोसी देश म्यांमा में था।

ग्रेटर बैंकॉक क्षेत्र की आबादी 170 लाख से अधिक है जिनमें से कई लोग ऊंची इमारतों वाले अपार्टमेंट में रहते हैं।
दोपहर करीब डेढ़ बजे भूकंप आने पर इमारतों में अलार्म बजने लगे और घनी आबादी वाले मध्य बैंकॉक की ऊंची इमारतों एवं होटल से लोगों को बाहर निकाला गया।

भूकंप इतना शक्तिशाली था कि कुछ ऊंची इमारतों के अंदरूनी हिस्सों में ‘स्वींिमग पूल’ में पानी में लहरें उठती दिखीं। भूकंप का केंद्र मध्य म्यांमा में था, जो मोनीवा शहर से लगभग 50 किलोमीटर (30 मील) पूर्व में है। म्यांमा में भूकंप के प्रभाव की तत्काल कोई खबर नहीं है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital