केंद्रीय बजट विकसित भारत के सपने को साकार करने में सहायक होगा : मुख्यमंत्री साय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 Jul 2024 08:07 PM
केंद्रीय बजट विकसित भारत के सपने को साकार करने में सहायक होगा : मुख्यमंत्री साय
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह विकसित भारत के सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा. साय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”मोदी सरकार 3.0 कार्यकाल के आज पेश हुए प्रथम बजट में “अमृतकाल विजन – 2047″ की स्पष्ट झलक देखने को मिल रही है. विकसित भारत के लिए यह बजट मील का पत्थर साबित होगा.” उन्होंने लिखा, ”देश के गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के चहुंमुखी विकास पर केंद्रित यह बजट छत्तीसगढ़ के हर वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी है और राज्य के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है. बजट की घोषणाओं को राज्य में तेजी से लागू किया जाएगा जिससे छत्तीसगढ़ के लोगों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके.”

उन्होंने कहा, ”छत्तीसगढ़ को इस बजट से विभिन्न क्षेत्रों में लाभ मिलेगा और वह राज्य की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा. इस बजट से राज्य के लोगों को नई उम्मीदें और संभावनाएं मिली हैं, जो छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में सहायक होंगी.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”इस सर्वसमावेशी बजट के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी का हृदय से मैं अभिनंदन करता हूं.”

साय ने लिखा, ”बजट में गरीबों और अन्नदाताओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं. इसमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को फायदा पहुंचाने की बात कही गई है. इससे छत्तीसगढ़ के गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा मिलेगी.” उन्होंने कहा, ”महिलाओं और बालिकाओं को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं के लिए तीन लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इससे छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सुरक्षा मिलेगी. यह बजट महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.” वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बजट को लेकर कहा है कि इसमें बिहार और आंध्र प्रदेश के लिए खजाना खोल दिया गया है और अन्य राज्यों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है.

बघेल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”चूंकि मोदी जी को अपनी सरकार बचानी है इसलिए बिहार और आंध्र प्रदेश का ज.क्रि बजट में बार-बार हुआ. इन दो राज्यों के लिए खजाना खोल दिया गया लेकिन शेष देश को उसके हाल पर छोड़ दिया गया.” उन्होंने लिखा , ”हिमाचल में आई आपदा के एक साल बाद राहत पैकेज की बात हुई लेकिन कितनी राहत मिलेगी- इसका विवरण तक नहीं. इस बजट में अन्य राज्यों की तरह ही छत्तीसगढ़ को झुनझुना पकड़ा दिया गया. पर्ची मुख्यमंत्री को जवाब तो देना होगा. यह बजट आम लोगों को कोई राहत नहीं देने वाला है और न महंगाई से गरीबों को निजात दिला सकेगा.” पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा, ”सबसे बड़ी बात यह कि वे भारत को विश्व शक्ति बनाने की करते हैं लेकिन बजट में इसके लिए कोई प्रयास नहीं दिखता.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu