हैदराबाद. भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को जनता दल (यूनाइटेड) के नेता और केंद्रीय मंत्री आर सी पी सिंह के भाजपा में शामिल होने की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि वह एक सरकारी कार्यक्रम में भाग लेने हैदराबाद आए थे. भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को यहां संपन्न हुई. बिहार के भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘यह समाचार पूरी तरह से भ्रामक है की आर सी पी सिंह भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल हुए थे. वह सरकारी कार्यक्रम के सिलसिले में हैदराबाद आए होंगे और हवाई अड्डे पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया.’’
जद (यू) के कोटे से मंत्री होने के बावजूद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा सिंह को राज्यसभा का टिकट देने से इनकार किए जाने के बाद उनके अगले कदम के बारे में अटकलें लगाई जा रही हैं. पार्टी के सूत्रों ने कहा कि सिंह का हैदराबाद हवाई अड्डे पर केंद्रीय इस्पात मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी के रूप में स्वागत किया गया. सूत्र ने कहा कि सिंह अपने मंत्रालय की संसदीय समिति की बैठक में भाग लेने के लिए हैदराबाद आए थे.