कठुआ में अज्ञात व्यक्तियों ने मंदिर में प्रतिमा क्षतिग्रस्त की, प्राथमिकी दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 12 Jul 2022 06:22 PM
कठुआ में अज्ञात व्यक्तियों ने मंदिर में प्रतिमा क्षतिग्रस्त की, प्राथमिकी दर्ज
ऑडियो सुनें

कठुआ/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में स्थित एक मंदिर में स्थापित एक प्रतिमा कथित तौर पर क्षतिग्रस्त करने को लेकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि सोमवार को महानपुर के धामलार-मोरहा गांव में हुई कथित घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया.

कठुआ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रमेश चंद्र कोतवाल ने कहा, ‘‘एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और घटना की जांच और दोषियों को पकड़ने के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है.’’ उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में तकनीकी विश्लेषण की मदद से इस मामले को सुलझा लिया जाएगा.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “प्राथमिकी दर्ज की गई है और घटना की जांच करने और दोषियों को पकड़ने का जिम्मा एक पुलिस दल को सौंपा गया है.” अधिकारियों ने कहा कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मंदिर में प्रवेश किया और कथित तौर पर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया. कथित घटना की खबर फैलते ही जिला विकास परिषद सदस्य गोल्डी कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को जाम हटाने को लेकर समझाया. अधिकारियों ने दोषियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए व्यापक जांच का आश्वासन भी दिया. पिछले तीन महीनों में जम्मू क्षेत्र में मंदिर में कथित तौर पर तोड़फोड़ की यह तीसरी घटना है. आठ अप्रैल को जम्मू के सिधरा इलाके में अज्ञात तत्वों ने एक मंदिर में तोड़फोड़ की थी. इसके बाद पांच जून को डोडा जिले के ऊपरी इलाके स्थित वासुकी नाग मंदिर में इसी तरह की एक और घटना हुई थी.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu