वैशाली ने पूर्व विश्व चैंपियन मारिया मुजिचुक को हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Oct 2023 08:09 PM
वैशाली ने पूर्व विश्व चैंपियन मारिया मुजिचुक को हराया
ऑडियो सुनें

आइल ऑफ मैन. भारत की आर वैशाली फिडे महिला ग्रैंड स्विस शतरंज प्रतियोगिता के चौथे दौर में यूक्रेन की पूर्व विश्व चैंपियन मारिया मुजिचुक को हराकर 3.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गई हैं. यह प्रतियोगिता विश्व चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा है. टूर्नामेंट में अभी सात दौर और खेले जाने बाकी हैं. वैशाली के अलावा चीन की टेन झोंगयी, युक्रेन की अन्ना मुजिचुक और कजाखस्तान की असोबायेवा बिबिसारा भी संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं.

भारत के उदीयमान शतरंज खिलाड़ी आर प्रज्ञाननंदा की बहन वैशाली ने हाल ही में समाप्त हुए कतर मास्टर्स में अपना तीसरा और अंतिम ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल किया था. उससे उन्होंने साबित कर दिया था कि वह किसी भी चुनौती के लिए तैयार हैं. चेन्नई की रहने वाली इस खिलाड़ी ने शनिवार को अपने आक्रामक कौशल का शानदार नजारा पेश किया और मुजिचुक को केवल 23 चाल में हराया. यूक्रेन की खिलाड़ी ने शुरू में ही प्यादा गंवा दिया था जिससे वह आखिर तक नहीं उबर पाई. वैशाली की यह चार बाजियों में तीसरी जीत है.

ओपन वर्ग में ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी की जीत एक समय सुनिश्चित लग रही थी लेकिन आखिर में र्सिबया के एलेक्जेंडर प्रेडके ने उन्हें ड्रॉ पर रोक दिया. इस बीच ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा. उन्होंने विश्व चैंपियनशिप के पूर्व चैलेंजर स्पेन के एलेक्सी शिरोव को हराकर अपनी लगातार तीसरी जीत हासिल की.

यहां फिडे का प्रतिनिधित्व कर रहे रूस के ग्रैंडमास्टर आंद्रे एसिपेंको ओपन वर्ग में शीर्ष पर चल रहे हैं. उन्होंने फ्रांस के मार्क आंद्रिया मोरिजी को हराया. शीर्ष रैंकिंग वाले भारतीय डी गुकेश को पहली जीत का इंतजार है. उन्होंने र्सिबया के इवान सारिच के खिलाफ लगातार चौथी बाजी ड्रॉ खेली.

पी हरिकृष्णा ने ब्रिटेन के श्रेयस रॉयल को हराकर पहली जीत दर्जकी. निहाल सरीन ने आर्मेनिया के सेमवेल टेर-सहाकयान को हराया जबकि आर प्रज्ञानानंदा को तुर्की के मुस्तफा यिलमाज ने बराबरी पर रोका. महिला वर्ग में डी हरिका और तानिया सचदेव को हार का सामना करना पड़ा. दिव्या देशमुख की बाजी ड्रॉ रही जबकि वंतिका अग्रवाल ने चिली की जेविएरा बेलेन गोमेज बारेरा को हराकर पहली जीत दर्ज की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu