वैशाली ठक्कर आत्महत्या मामला : मुख्य आरोपी को जेल भेजा गया, पुलिस का ‘‘पर्याप्त सबूत’’ होने का दावा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Oct 2022 08:14 PM
वैशाली ठक्कर आत्महत्या मामला : मुख्य आरोपी को जेल भेजा गया, पुलिस का ‘‘पर्याप्त सबूत’’ होने का दावा
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर में प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री वैशाली ठक्कर की खुदकुशी के मामले के मुख्य आरोपी राहुल नवलानी की आठ दिन की पुलिस हिरासत अवधि शुक्रवार को खत्म हो गई. इसके बाद एक स्थानीय अदालत ने उसे जेल भेज दिया. अभियोजन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

इस बीच, पुलिस का दावा है कि ठक्कर को परेशान कर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप को लेकर उसके पास नवलानी के खिलाफ ‘‘पर्याप्त सबूत’’ हैं. हालांकि, मुख्य आरोपी के मोबाइल से मिटाया गया डेटा हासिल करने के लिए जांचकर्ताओं को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है.

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मोती-उर-रहमान ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ को बताया,‘‘ठक्कर के सुसाइड नोट, उनके परिजनों के बयानों और अन्य स्रोतों से हमारे पास नवलानी के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं. हम उसके खिलाफ अदालत में जल्द से जल्द आरोप पत्र पेश करने की कोशिश करेंगे.’’ एसीपी के मुताबिक, 19 अक्टूबर को गिरफ्तारी से पहले नवलानी ने सबूतों को नष्ट करने के लिए उसके मोबाइल फोन से डेटा मिटा दिया था.

उन्होंने बताया, ‘‘हम तकनीकी जानकारों की मदद से ये डेटा हासिल कर रहे हैं. हम अतिरिक्त सबूतों के लिए अलग-अलग सोशल नेटर्विकंग मंचों से भी डेटा प्राप्त करने की कोशिश में जुटे हैं.’’ अधिकारी ने बताया कि ठक्कर और नवलानी इंदौर में पड़ोसी थे. उन्होंने कहा, ‘‘ठक्कर एक व्यक्ति से शादी करके खुशहाल ंिजदगी में कदम रखने वाली थीं. पहले से विवाहित नवलानी, टीवी अभिनेत्री की शादी रुकवाने के लिए उन्हें परेशान कर रहा था.’’ ‘

‘ससुराल सिमर का’’ जैसे टीवी धारावाहिकों में अपनी अदाकारी से मशहूर हुईं ठक्कर इंदौर में अपने घर के पंखे में लगे फंदे पर 15 अक्टूबर को लटकी मिली थीं. पुलिस को मौके से पांच पन्नों का सुसाइड नोट मिला था जिसमें ठक्कर ने नवलानी पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया था. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि टीवी अभिनेत्री की खुदकुशी के मामले में नवलानी की फरार पत्नी दिशा की तलाश जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu