छत्तीसगढ़ में भी टैक्स फ्री हुई विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’…

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 27 Feb 2025 11:49 AM
छत्तीसगढ़ में भी टैक्स फ्री हुई विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’…
ऑडियो सुनें

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म ‘छावा’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री कर दिया है। उन्होंने राजिम कुंभ के आयोजन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान यह घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छावा फिल्म को टैक्स फ्री करने का निर्णय छत्तीसगढ़ की जनता को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम एवं शौर्य की भावना जागृत करने के उद्देश्य से लिया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘छावा’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि ऐतिहासिक परंपराओं, वीरता और स्वाभिमान की गाथा है, जिसे हर नागरिक को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म युवा वर्ग को प्रेरित करेगी और छत्रपति संभाजी महाराज के शौर्य, बलिदान और नेतृत्व को व्यापक रूप से प्रस्तुत करेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ऐसी फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो समाज को प्रेरणा देती हैं और सांस्कृतिक चेतना को जाग्रत करती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी फिल्मों को प्रोत्साहित करती रहेगी, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी अपने गौरवशाली अतीत से जुड़ी रहे। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता, विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे इस फिल्म को देखें और भारतीय इतिहास के उन स्वर्णिम पन्नों को समझें, जो आज भी हमारे जीवन को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

बता दें कि छावा ऐतिहासिक एक्शन फिल्म है। यह फ़िल्म मराठा साम्राज्य के द्वितीय छत्रपति राजा सम्भाजी जी के जीवन पर आधारित है। फिल्म शिवाजी सावंत के मराठी उपन्यास ‘छावा’ का रूपांतरण है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘छावा’ की धूम

विक्की कौशल, रश्मिका मंदाना, अक्षय खन्ना, आशुतोष राणा और दिव्या दत्ता जैसे सितारों से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है। पहले ही दिन से दर्शक इस फिल्म पर टूट कर पड़ रहे हैं और यह सिलसिला अब तक जारी है। लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित यह फिल्म इस साल की पहली 200 करोड़ी फिल्म बनने का तमगा एक सप्ताह में हासिल कर चुकी। 300 करोड़ी क्लब में एंट्री हो ही चुकी है। अब मंजिल 400 करोड़ क्लब में शामिल होना है और वीकएंड तक यह मुकाम भी फिल्म हासिल कर लेगी।

कल बुधवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर फिल्म की कमाई में और इजाफा दर्ज हुआ। इसने 21.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। करीब 130 करोड़ रुपये बजट में बनी इस फिल्म की टोटल कमाई अब 385 करोड़ रुपये हो गई है।

‘छावा’ स्टार कास्ट

दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित और लक्ष्मण उटेकर द्वारा निर्देशित ‘छावा’ में विक्की कौशल मुख्य भूमिका में हैं। रश्मिका मंदाना येसुबाई भोंसले की भूमिका में, अक्षय खन्ना औरंगजेब की भूमिका में, डायना पेंटी जीनत-उन-निसा बेगम की भूमिका में, आशुतोष राणा हम्बीराव मोहिते की भूमिका में और दिव्या दत्ता सोयराबाई की भूमिका में हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital