अरुणाचल विधानसभा चुनाव में मिली जीत लोकसभा चुनाव के नतीजों का संकेत: हिमंत

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत चार जून को आने वाले लोकसभा चुनाव परिणामों का संकेत है. शर्मा ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के नतीजे पार्टी की ”सुशासन और विकास की राजनीति” में लोगों के विश्वास को दर्शाते हैं. निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि भाजपा लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश में सत्ता में लौटी है और पार्टी ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीट पर जीत दर्ज की है.

शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”अरुणाचल प्रदेश में मिली भारी जीत चार जून को आने वाले नतीजों का पूर्व संकेत है.” उन्होंने कहा कि ये परिणाम ”राज्य के लोगों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व, सुशासन और विकास की राजनीति में जबरदस्त विश्वास को दर्शाते हैं.” उन्होंने विकास के एजेंडे को लोगों के बीच ले जाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की भी सराहना की. अरुणाचल प्रदेश में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी हुए थे. राज्य में दो लोकसभा सीट हैं, जिनके लिए मतगणना मंगलवार को होगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button