जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, एक अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Sep 2024 07:15 PM
जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, एक अन्य घायल
ऑडियो सुनें

जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जिले के आगडीह गांव के करीब जंगली हाथी के हमले में आसित तिग्गा (45) की मौत हो गई तथा अनिल किस्पोट्टा गंभीर रूप से घायल हो गये.

उन्होंने बताया कि आगडीह गांव के मरियम टोली के जंगल में आज सुबह अपने दल से बिछड़े एक हाथी ने झारखंड की तरफ से प्रवेश किया था. इस दौरान सुबह गांव से जंगल की तरफ जा रहे आसित तिग्गा और अरविंद किस्पोट्टा का सामना हाथी से हो गया.
अधिकारियों ने बताया कि जंगली हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया. इस हमले में तिग्गा की मौके पर ही मौत हो गई तथा किस्पोट्टा गंभीर रूप से घायल हो गये.

उन्होने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. घायल किस्पोट्टा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों ने बताया कि हमले में मारे गए तिग्गा के परिजनों को तात्कालिक आर्थिक सहायता के रूप में 25 हजार रुपये दिये गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu