विनेश को अभी राजनीति में नहीं आना चाहिए था : महावीर फोगाट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Sep 2024 08:47 PM
विनेश को अभी राजनीति में नहीं आना चाहिए था : महावीर फोगाट
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. महिला पहलवान विनेश फोगाट के ताऊ और जाने-माने कुश्ती कोच महावीर फोगाट ने कहा कि उनकी भतीजी को इस समय राजनीति में शामिल नहीं होना चाहिए था और 2028 के ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था.
उनकी यह टिप्पणी तब आयी है जब कांग्रेस ने विनेश को पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जुलाना से उम्मीदवार बनाया है.

बहरहाल, महावीर ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार हरियाणा में सत्ता में आएगी. उनकी बेटी एवं ओलंपियन बबीता फोगाट 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गयी थीं. राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता बबीता ने दादरी से 2019 का विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन वह हार गयी थीं.

विनेश के कांग्रेस में शामिल होने के बारे में पूछने पर द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित महावीर ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”यह उनका फैसला है…आजकल बच्चे अपने फैसले खुद लेते हैं.” उन्होंने यह भी दावा किया कि जब हाल में उन्होंने विनेश से बात की थी तो उसका राजनीति में शामिल होने का कोई इरादा नहीं था. भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पिछले साल पहलवानों के प्रदर्शन में अग्रिम मोर्चे पर रहे विनेश और ओलंपियन पहलवान बजरंग पूनिया शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए थे.

महावीर ने कहा, ”मेरी इच्छा थी कि वह अपने खेल पर ध्यान लगाए और 2028 के ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीते. मुझे लगता है कि उसे अभी राजनीति में नहीं आना चाहिए था. मैं चाहता हूं कि वह पहलवानी जारी रखें.” यह पूछने पर कि क्या उनकी भतीजी ने राजनीति में आने से पहले उनसे सलाह-मशविरा किया था, इस पर महावीर ने कहा, ”इस बारे में कोई बात नहीं हुई. अगर होती तो मैं उसे राजनीति में न आने की सलाह देता. लेकिन आजकल बच्चे अपने फैसले खुद लेते हैं.” कांग्रेस के हरियाणा से भाजपा को सत्ता से बाहर करने के दावे पर उन्होंने कहा, ”जब आठ अक्टूबर को नतीजे आएंगे तो आप देखेंगे. भाजपा सत्ता में लौटेगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu