अस्पताल में भर्ती विनोद कांबली को हुआ बुखार, हालत स्थिर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Dec 2024 07:39 PM
अस्पताल में भर्ती विनोद कांबली को हुआ बुखार, हालत स्थिर
ऑडियो सुनें

ठाणे. भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली इलाज के लिए ठाणे जिले के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है, जहां मंगलवार को उन्हें बुखार हो गया लेकिन उनकी हालत स्थिर है. कांबली का इलाज कर रहे चिकित्सकों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अस्पताल के डॉ. विवेक त्रिवेदी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कांबली (52) मूत्र मार्ग में संक्रमण के इलाज का असर हो रहा है, जिसके लिए उन्हें शनिवार (21 दिसंबर) को भिवंडी शहर के पास आकृति अस्पताल में भर्ती कराया गया था. त्रिवेदी उस मेडिकल टीम का नेतृत्व कर रहे हैं जो पूर्व क्रिकेटर के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है.

उन्होंने कहा कि चिकित्सक पूर्व भारतीय बल्लेबाज का एमआरआई (मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग) करने की योजना बना रहे थे, लेकिन उन्हें बुखार होने के कारण इस तरह की चिकित्सा प्रक्रिया पर निर्णय बाद में लिया जाएगा. त्रिवेदी ने कहा कि पहले की गई कई चिकित्सीय जांचों में मस्तिष्क में थक्के का पता चलने के बाद एमआरआई प्रक्रिया जरूरी हो गई है.

उन्होंने कहा कि कांबली को एक या दो दिन के भीतर आईसीयू से बाहर निकाले जाने और लगभग चार दिनों के बाद छुट्टी दिए जाने की संभावना है. उन्होंने कहा कि मुंबई के पूर्व क्रिकेटर की हालत चार दिन पहले गंभीर हो गई थी, जब उनका मूत्र मार्ग काफी संक्रमित था लेकिन इसमें अब काफी सुधार है .

त्रिवेदी ने कहा कि कुछ और दिन घर पर रहने से उनकी स्थिति जटिल हो सकती थी, उन्होंने कहा कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया तो उनके रक्तचाप में भी उतार-चढ.ाव हो रहा था. डॉक्टर ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है. उन्होंने कहा, ”अगले 24 घंटों तक उनकी स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जाएगी और उन्हें आईसीयू से बाहर निकालने पर निर्णय लिया जाएगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu