विनोद कापड़ी की ‘पायर’ ने ‘ताल्लिन ब्लैक नाइट्स फिल्म महोत्सव’ में ऑडियंस अवार्ड जीता

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता विनोद कापड़ी की नवीनतम हिंदी फिल्म ‘पायर’ ने 2024 ताल्लिन ब्लैक नाइट्स फिल्म महोत्सव में ऑडियंस अवार्ड जीता है. उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म एस्टोनिया की राजधानी ताल्लिन में आयोजित महोत्सव में आधिकारिक प्रतियोगिता श्रेणी में एकमात्र भारतीय प्रविष्टि थी. फिल्म में उत्तराखंड के दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में युवा संतानों के पलायन के कारण अकेले रह गए बुजुर्ग दंपतियों की दुखद स्थिति का यथार्थ चित्रण है. महोत्सव के आयोजकों के अनुसार, 28वें संस्करण के दर्शकों ने ‘पायर’ को अपनी पसंदीदा फिल्म के तौर पर चुना.

हिंदी फिल्म एक बुजुर्ग जोड़े की सच्ची कहानी से प्रेरित है, जिनसे कापड़ी की मुलाकात 2017 में उत्तराखंड के पलायन से प्रभावित मुनस्यारी गांव में हुई थी. इस जोड़े के आपसी संबंध ने उन पर गहरा प्रभाव डाला, जिससे वह ‘पायर’ बनाने के लिए प्रेरित हुए.
‘पायर’ के लिए विनोद कापड़ी ने दो स्थानीय निवासियों, भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सैनिक पदम सिंह और किसान हीरा देवी को चुना, जिनमें से किसी ने भी पहले कभी किसी फिल्म में अभिनय नहीं किया था. दोनों उत्तराखंड के पिथौरागढ. जिले की बेरीनाग तहसील के रहने वाले हैं. कापड़ी ने कहा कि फिल्म महोत्सव में पुरस्कार जीतना किसी सपने से कम नहीं है.

फिल्मकार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “यह एक परीकथा की तरह है. मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले दो बुजुर्ग गैर पेशेवर कलाकारों के साथ एक फिल्म बनाऊंगा और वह फिल्म इस महोत्सव की मुख्य प्रतियोगिता के लिए चुनी जाएगी तथा अंतत? पुरस्कार जीतेगी.” उन्होंने कहा, “यह हम सभी के लिए सपनों के जैसा और खुशी का क्षण है. यह भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ा दिन है और हमें दिखाता है कि हमें सिर्फ अपनी कहानियां बतानी हैं और फिल्म में काम कर रहे अभिनेताओं के नाम नहीं देखने हैं.

हमें सिर्फ उनकी प्रतिभा पर ध्यान देना है.” वर्ष 2012 में एंग ली की ‘लाइफ ऑफ पाई’ के लिए अकादमी पुरस्कार जीतने वाले संगीतकार माइकल डैना ने ‘पायर’ के लिए संगीत तैयार किया है. ‘द लाइव्स ऑफ अदर्स’ और ‘द टूरिस्ट’ में अपने काम के लिए जाने जाने वाले जर्मन संपादक पैट्रिशिया रोमेल भी टीम का हिस्सा हैं. गीतकार गुलजार ने भी फिल्म के लिए एक गीत लिखा है. कापड़ी और उनकी पत्नी साक्षी जोशी ने भागीरथी फिल्म्स के माध्यम से स्वतंत्र रूप से इस फिल्म का निर्माण किया है. ताल्लिन ब्लैक नाइट्स महोत्सव में अपने वर्ल्ड प्रीमियर के बाद ‘पायर’ अपना फेस्टिवल र्सिकट शुरू करेगी. फिल्म निर्माता की योजना 2025 के अंत में भारत में फिल्म को रिलीज करने की है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button