हम राजग में हैं, आंध्रप्रदेश ने 30 साल के बराबर नुकसान झेला : तेदेपा प्रमुख नायडू

अमरावती. तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में है और वह आज दिन में नई दिल्ली में होने वाली राजग की बैठक में भाग लेंगे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश ने 30 वर्षों के बराबर नुकसान झेला है और उनका काम चीजों को सही करना है.

राजग की घटक जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण भी राष्ट्रीय राजधानी में राजग की बैठक में भाग लेंगे. यह बैठक आंध्र प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में गठबंधन (राजग) के विजयी होने के एक दिन बाद हो रही है. नायडू से एक संवाददाता सम्मेलन में जब उनकी दिल्ली यात्रा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “हम राजग में हैं. मैं राजग की बैठक के लिए जा रहा हूं. समय के साथ अगर कुछ होगा तो हम आपको बताएंगे.” जनसेना सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कल्याण भी राजग की बैठक में भाग लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो गए हैं.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के वरिष्ठ नेता बुधवार को नई दिल्ली में बैठक कर रहे हैं जिसमें लोकसभा चुनाव के नतीजों का जायजा लिया जाएगा और सरकार गठन के बारे में विस्तार से चर्चा की जाएगी. आंध्र प्रदेश से क्रमश: 16 और दो लोकसभा सीटें जीतने वाली तेदेपा और जनसेना केंद्र में सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी.

भाजपा ने आंध्र प्रदेश में तीन सीटें जीती हैं. कुल मिलाकर राजग ने दक्षिणी राज्य में 21 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की है.
विधानसभा चुनावों में तेदेपा को 135, जनसेना – 21 और भाजपा को आठ एवं वाईएसआरसीपी को 11 सीट मिलीं. नायडू ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में आंध्र प्रदेश ने बहुत कुछ झेला है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य ने 30 वर्षों के बराबर नुकसान झेला है और उनका काम चीजों को सही करना है.

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में बहुत अधिक नुकसान हुआ है राज्य में व्यवस्थाएं नष्ट हो गई हैं एवं अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो गई है. उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई भी व्यक्ति स्थायी नहीं है और इसमें उतार-चढ.ाव आते रहते हैं. उन्होंने कहा, “देश स्थायी है, लोकतंत्र स्थायी है, राजनीतिक दल स्थायी हैं, लेकिन सत्ता स्थायी नहीं है.” वाईएसआर कांग्रेस पार्टी पर तंज करते हुए नायडू ने कहा कि जो राजनीतिक दल सही रास्ते पर नहीं चलते, वह खत्म हो जाएंगे.

उन्होंने कहा कि युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख वाई एस जगन मोहन रेड्डी का शासन सभी के लिए एक ‘केस स्टडी’ है, जो दर्शाता है कि एक शासक को कैसा होना चाहिए और कैसा नहीं होना चाहिए. नायडू ने कहा, “लोग अहंकार, तानाशाही, लापरवाही और कोई भी मनमानी करने को माफ नहीं करेंगे और यह साबित हो चुका है. लोगों ने साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचार और अहंकार के साथ चलने वाले किसी भी विध्वंसकारी को यही नैतिक सबक मिलेगा.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button