पार्टी फिर सरकार बनाती है तब वह छत्तीसगढ़ में बिहार की तरह जाति आधारित जनगणना कराएगी: प्रियंका गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 06 Oct 2023 07:56 PM
पार्टी फिर सरकार बनाती है तब वह छत्तीसगढ़ में बिहार की तरह जाति आधारित जनगणना कराएगी: प्रियंका गांधी

ऑडियो सुनें

कांकेर. कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने छत्तीसगढ़ की जनता से वादा किया है कि यदि उनकी पार्टी फिर सरकार बनती है तब छत्तीसगढ़ में बिहार की तरह जाति आधारित जनगणना कराएगी. कांकेर जिले के गोविंदपुर में शुक्रवार को ‘नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन’ को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने जनता से सरकार बनने पर गरीबों के लिए 10 लाख मकान बनाने का भी वादा किया.

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार अमीर लोगों के लिए है और उसे गरीबों एवं मध्यम वर्ग की कोई चिंता नहीं है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और राज्य के अन्य मंत्री, पार्टी के विधायक और सांसद मौजूद थे.

प्रियंका गांधी ने कहा, ”अगर कांग्रेस पार्टी फिर छत्तीसगढ़ में सत्ता में आती है, तो बिहार में किए गए जातिगत सर्वेक्षण की तर्ज पर इस राज्य में भी जातिगत जनगणना कराई जाएगी. मैंने इस संबंध में मुख्यमंत्री बघेल जी से बात की है.” उन्होंने बिहार की जातिगत सर्वेक्षण रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा, ”बिहार में आपने देखा है कि 84 फीसदी आबादी अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति की है. क्या बड़े पदों पर ओबीसी, एससी और एसटी समुदाय के लोगों की संख्या 84 फीसदी है? क्या उनके पास अधिकार है? जातीय जनगणना क्यों नहीं हो सकती? यह किया जाना चाहिए.” सत्ताधारी दल कांग्रेस की इस घोषणा को चुनाव से पहले अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को लुभाने के लिए एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है. छत्तीसगढ़ में ओबीसी की आबादी का लगभग 45 प्रतिशत है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उनके द्वारा दी गई गारंटी सिर्फ खोखले वादे हैं. उन्होंने कहा, ”हर नागरिक के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा करने और करोड़ों बेरोजगारों को नौकरी देने की मोदी की गारंटी का क्या हुआ? जब भी कोई सवाल पूछा जाता है मोदी जी एक नई गारंटी देते हैं. उनकी गारंटी खोखली गारंटी है.” उन्होंने प्रधानमंत्री पर देश की संपत्ति अपने अरबपति दोस्तों को सौंपने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने देश में किसानों को कमजोर कर दिया है.

उन्होंने कहा, ”देखिए, प्रधानमंत्री ने देश की संपत्ति अपने अरबपति दोस्तों को सौंप दी है और उनके कर्ज माफ कर दिए हैं. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया है.” गांधी ने कहा, ”प्रधानमंत्री ने आठ हजार करोड़ रुपये की लागत से दो विमान खरीदे, नए संसद भवन के लिए 20 हजार करोड़ रुपये और यशोभूमि हॉल के लिए 27 हजार करोड़ रुपये खर्च किए. लेकिन जब आप पुरानी पेंशन योजना के बारे में बात करते हैं, तो वह (पीएम) जवाब देते हैं कि पैसा नहीं है. उनके पास उद्योगपति मित्रों के लिए पैसा है लेकिन आपके लिए नहीं है.”

उन्होंने कहा, ”देश में किसान प्रतिदिन मात्र 27 रुपये कमा रहे हैं, जबकि अडानी और अन्य उद्योगपति प्रतिदिन 1,600 करोड़ रुपये कमा रहे हैं. आपकी संपत्ति उन्हें (उद्योगपतियों को) दी जा रही है लेकिन जब आपकी बारी आती है तो कहा जाता है कि पैसा नहीं है.” गांधी ने कहा, ”क्या आपके राज्य में ऐसा मुख्यमंत्री (प्रधानमंत्री मोदी जैसा) चाहते हैं, जो आपकी संपत्ति ले ले और आपको कुछ न दे. भाजपा सरकार अमीरों के लिए है और उसे गरीबों या मध्यम वर्ग की कोई चिंता नहीं है. जब आप पुरानी पेंशन योजना और जाति जनगणना की बात करते हैं तो वे कुछ नहीं कहते और लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं. वे धर्म और उन चीजों के बारे में बात करते हैं जो जनभावनाओं से जुड़ी हैं. वे लोगों को सशक्त बनाने की बात क्यों नहीं करते? वे जातिगत जनगणना क्यों नहीं कराना चाहते.”

उन्होंने कहा, ”वे (भाजपा) बस यही चाहते हैं कि देश की संपत्ति उनके उद्योगपति मित्रों को सौंप दी जाए और फिर उन्हें (धन) उनके माध्यम से पार्टी में भेज दिया जाए. और फिर वे चुनावों में (पैसा) खर्च करते रहें. उनका एकमात्र उद्देश्य है सत्ता में बने रहना, लोगों का कल्याण करना नहीं.” प्रियंका गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी और परिवार के अन्य सदस्यों के बस्तर दौरे का जिक्र करते हुए कहा, ”इंदिरा जी, पंडित जवाहर लाल नेहरू जी, मेरे पिता और मां बस्तर के लगातार संपर्क में रहे और स्थानीय लोगों की समस्याओं को समझने की कोशिश की. न केवल मेरे परिवार के सदस्यों ने बल्कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने भी कई बार बस्तर का दौरा किया. इसलिए, बस्तर के लोगों और मेरे परिवार के सदस्यों सहित कांग्रेस नेताओं के बीच एक रिश्ता स्थापित हुआ.” उन्होंने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार इस परंपरा और विरासत को आगे बढ़ा रही है.

कांग्रेस नेता ने छत्तीसगढ़ में पिछली रमन सिंह सरकार (2003-2018) पर निशाना साधा और दावा किया कि ”भाजपा शासन के दौरान राज्य में हिंसा का शासन था और लोगों को यहां आना था. निर्दोष लोगों को सलाखों के पीछे डाल दिया गया.” गांधी ने कहा, ”पांच साल पहले सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने नक्सल प्रभावित राज्य को हिंसा के चंगुल से बाहर निकाला. आपको बघेल सरकार पर भरोसा है क्योंकि उन्होंने गरीबों, पिछड़ों और आदिवासी भाई-बहनों के कल्याण के लिए काम किया है. यह कांग्रेस ही है जो पंचायत निकायों और मनरेगा में 33 प्रतिशत आरक्षण लेकर आई.”

उन्होंने कहा, ”देश में भाजपा शासित राज्यों में पंचायतों की शक्तियां कम कर दी गई हैं, जबकि कांग्रेस सरकारें लोगों को अधिकार दिलाकर उन्हें सशक्त बनाने का काम कर रही हैं. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने पेसा कानून लागू किया है और लोगों को शक्तियां दी हैं तथा लोकतंत्र को मजबूत किया है.” गांधी ने कहा, ”जब आप हमारी पार्टी और भाजपा की राज्य सरकारों का आकलन करेंगे तो आपको समझ आएगा कि कांग्रेस सरकारें क्या कर रही हैं. आपको कांग्रेस शासित राज्यों और उन (भाजपा शासित) राज्यों के बीच बहुत अंतर दिखाई देगा. हमारी सरकार ने अपने वादे पूरे किये हैं.”

उन्होंने कहा, ”मोदी जी यहां आते हैं और कहते हैं कि छत्तीसगढ़ के किसानों को देश में धान का सबसे ज्यादा दाम मिल रहा है, जो उनके कारण ही संभव हो पाया है. अब वह राज्य सरकार के काम का श्रेय ले रहे हैं जो उनकी मंशा को दर्शाता है.” गांधी ने कहा, ”मैं प्रधानमंत्री से पूछना चाहती हूं कि उनके निर्वाचन क्षेत्र बनारस में किसानों को धान के लिए (प्रति क्विंटल) 1200-1400 रुपये क्यों मिल रहे हैं.”

By Yogesh Kumar Sahu