गर्म रोटी नहीं मिली तो बारातियों ने हलवाई पर उड़ेला खौलता तेल, हालत गम्भीर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Nov 2023 07:13 PM
ऑडियो सुनें

बदायूं. बदायूं जिले के मूसाझाग क्षेत्र के एक गांव में बारात के दौरान गर्म रोटी न मिलने से नाराज बारातियों ने हलवाई पर कथित तौर पर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया. गम्भीर रूप से झुलसे हलवाई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि मूसाझाग थाना क्षेत्र निवासी पन्नालाल की बेटी की 29 नवंबर को शादी थी. बारात कासगंज जिले के थाना सोरों क्षेत्र के लहरा गांव से आई थी एवं देर रात दूल्हे के चाचा इंद्रपाल पाली समेत कुछ लोग खाना खाने बैठे.

सूत्रों ने बताया कि उन्होंने रोटी गर्म मांगी लेकिन चूंकि देर हो जाने की वजह से तंदूर बुझ चुका था इसलिये वेटर ने गर्म रोटी नहीं होने की बात कही. इस पर इंद्रपाल समेत और उसके तीन दोस्त भड़क गए और गालीगलौज करते हुए हलवाई को बुलाने के लिए कहा. उन्होंने कहा कि हलवाई राजेश उस समय दुल्हन की विदा के वक्त बारातियों को नाश्ता आदि बनाने की तैयारी कर रहा था. ऐसे में उसने आने से इंकार कर दिया.

इस पर तैश में आये इंद्रपाल और उसके दोस्तों ने मौके पर पहुंचकर राजेश पर कढ़ाही में खौल रहा तेल उड़ेल दिया. घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गये. सूत्रों ने बताया कि हलवाइयों के ठेकेदार तरुण ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही राजेश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया. उसकी हालत नाजुक बतायी जाती है. मूसाझाग थाना के थानाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी बारातियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu