बृजभूषण की गिरफ्तारी कब होगी, सरकार संरक्षण क्यों दे रही है: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 11 Jul 2023 09:24 PM
बृजभूषण की गिरफ्तारी कब होगी, सरकार संरक्षण क्यों दे रही है: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली.कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली पुलिस के आरोप पत्र संबंधी खबर आने के बाद मंगलवार को केंद्र सरकार पर बृजभूषण को संरक्षण देने का आरोप लगाया और सवाल किया कि उनकी गिरफ्तारी कब होगी.

मुख्य विपक्षी दल ने यह सवाल भी किया कि सरकार इस मामले पर खामोश क्यों है? खबरों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने अदालत में दाखिल आरोपपत्र में कहा है कि अब तक की जांच के आधार पर बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ और पीछा करने जैसे अपराधों के लिए मुकदमा चलाया जा सकता है और सजा दी जा सकती है.

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ”कानून और नैतिकता कहती है कि महिलाओं के साथ अत्याचार करने वाले आरोपी को उसके पद से हटाया जाए, निष्पक्ष जांच हो, गिरफ्तारी हो और अदालत में उसे सजा दिलवाई जाए. लेकिन भाजपा सरकार में देश का मान बढ़ाने वाली महिला खिलाड़ियों के साथ अत्याचार करने वाले आरोपी को बचाया क्यों जाता है, मामले को दबाया क्यों जाता है, जांच में मामले को रफा-दफा क्यों किया जाता है?”

उन्होंने पूछा, ”पूरी सरकार इस मामले पर मौन क्यों है? आरोपी अभी तक भाजपा में क्यों है और कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?” कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ”दिल्ली पुलिस ने अपने आरोपपत्र में भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न, पीछा करने और डराने-धमकाने के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने अदालत से बृजभूषण सिंह के खिलाफ मुकदमा चलाने और दंडित करने की कार्रवाई करने की बात की है.”

उनका कहना था, ”विडंबना है कि महिला पहलवानों ने जनवरी 2023 में गठित समिति के सामने भी बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, लेकिन कमेटी ने आरोपों को अनदेखा कर दिया. यही नहीं, समिति ने खेल मंत्रालय को सौंपी रिपोर्ट में भी बृजभूषण के खिलाफ लगे आरोपों पर चुप्पी साध ली.” उन्होंने कहा कि जब पहलवानों को अपमानित किया गया तो वो अपने पदक गंगा में बहाने चले गए, लेकिन तब भी सरकार ने कोई अपील नहीं की.

सुप्रिया ने सवाल किया, ”बृजभूषण की गिरफ्तारी कब होगी? क्या बृजभूषण सिंह पर दिल्ली पुलिस का आरोपपत्र आने के बाद भी सरकार अपनी चुप्पी नहीं तोड़ेगी? क्या प्रधानमंत्री मोदी अब भी कुछ नहीं बोलेंगे? आपकी सरकार बृजभूषण शरण सिंह को संरक्षण देना कब बंद करेगी?”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu