भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करना बंद नहीं करेंगे: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Apr 2024 08:59 PM
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करना बंद नहीं करेंगे: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और जो लोग भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं उनके पास दो ही विकल्प हैं-जेल या बेल (जमानत). मोदी ने पश्चिम बंगाल के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के साथ ‘नमो ऐप’ के माध्यम से ऑनलाइन संवाद करते हुए कहा कि पूरे देश ने देखा है कि तृणमूल कांग्रेस ने किस तरह भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए हिंसा का सहारा लिया, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता निडरता से खड़े रहे.

उन्होंने कहा, ”भ्रष्टाचारी साथ आ गए हैं और उन्होंने एक गठबंधन बना लिया है जो मोदी को गाली देता रहता है. लेकिन मैं साफ कर दूं कि मोदी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करना बंद नहीं करेगा. भ्रष्टाचारियों के लिए केवल दो ही विकल्प बचे हैं-जेल या बेल  (जमानत).” चुनावी हिंसा का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सबसे बड़ी चुनौती हिंसा की है.

उन्होंने कहा, ”पश्चिम बंगाल चुनाव में सबसे बड़ी चुनौती चुनावी हिंसा की है, लेकिन निर्वाचन आयोग ने जनता की सुरक्षा के इंतजाम किए हैं. हम सब पश्चिम बंगाल में घट रहे घटनाक्रम पर भी नजर रखते हैं. हमें हर मतदाता के घर तक पहुंचना होगा और उन्हें निडर होकर वोट डालने के लिए प्रोत्साहित करना होगा.” मोदी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस हर चुनाव से पहले किसी भी तरह से भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास करती है.

उन्होंने कहा, ”देश ने देखा है कि किस तरह भाजपा कार्यकर्ताओं ने धमकियों के बावजूद काम किया. तृणमूल कांग्रेस हिंसा के सहारे भाजपा को रोकने की कोशिश करती है. देश ने यह भी देखा कि किस तरह भाजपा कार्यकर्ता निडरता से अपने बूथ पर खड़े रहे. हमें इस बार और ज्यादा सीट जीतने का भरोसा है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu