मनोरंजन की दुनिया में अपने दम पर जगह बनाने की कोशिश करूंगी: पलक तिवारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 24 Apr 2023 07:53 PM
मनोरंजन की दुनिया में अपने दम पर जगह बनाने की कोशिश करूंगी: पलक तिवारी
ऑडियो सुनें

मुंबई. लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री श्वेता तिवारी की बेटी एवं नवागंतुक कलाकार पलक तिवारी का कहना है कि एक कलाकार की बेटी होने के नाते उन्हें मिलने वाले विशेषाधिकार का उन्हें एहसास हैं, लेकिन वह मनोरंजन की दुनिया में अपने दम पर जगह बनाने की कोशिश करेंगी. पलक तिवारी फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ से ंिहदी सिनेमा जगत में अपने करियर की शुरुआत कर रही हैं. सलमान खान अभिनीत यह फिल्म ईद के मौके पर शुक्रवार को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई.

पलक (22) ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘ मैं न तो ‘स्टार किड’ हूं और न आम इंसान. मुझे बस इतना फायदा मिला है कि लोग मुझे आसानी से पहचान लेते हैं. इसका मतलब यह नहीं है कि इसकी (मां के अभिनेत्री होने की) वजह से मुझे काफी काम मिलने लगा हो. हालांकि मैं फिर भी खुद को खुशकिस्मत समझती हूं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ यह मेरे लिए नया है.. लोग मुझे इससे पहले भी पहचानते थे लेकिन मेरी मां की उपलब्धियों की वजह से.’’ इससे पहले पलक अरबाज खान की फिल्म ‘रोजÞी: द सैफ्रॉन चैप्टर’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली थीं, लेकिन उस फिल्म पर काम शुरू नहीं हो पाया.

पलक ने कहा, ‘‘ जो होता है अच्छे के लिए होता है. ‘रोजÞी’ पर बात नहीं बन पाई लेकिन उसके बाद मुझे बहुत बड़े कलाकार (सलमान) के साथ काम करने का मौका मिला. मुझे नहीं लगता है कि इससे बेहतर शुरुआत कोई हो सकती थी.’’ फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ मिलने पर उनकी मां श्वेता तिवारी की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर पलक ने कहा, ‘‘ उन्होंने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. वह शायद फिल्म आने के बाद या शायद तीन या चार फिल्में आने के बाद तारीफ करें.’’

फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ का निर्माण ‘सलमान खान फिल्म्स’ (एसकेएफ) के बैनर तले किया गया है. फिल्म में सलमान खान के अलावा तेलुगु अभिनेता वेंकटेश, पूजा हेगड़े, जगपति बाबू, भूमिका चावला, विजेंदर सिंह, राघव जुयाल, सिद्धार्थ निगम, जस्सी गिल, शहनाज गिल और विनाली भटनागर जैसे कलाकार भी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu