ओडिशा में कम से कम 12 लोकसभा सीट, 110 विस सीट जीतेंगे: बीजद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Jun 2024 08:10 PM
ओडिशा में कम से कम 12 लोकसभा सीट, 110 विस सीट जीतेंगे: बीजद

ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने रविवार को दावा किया कि पार्टी ओडिशा में 147 विधानसभा सीट में से कम से कम 110 सीट जीतकर दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. बीजद ने कहा कि वह इस राज्य की 21 लोकसभा सीट में से कम से कम 12 सीट जीतेगी. ओडिशा में भाजपा को 15 लोकसभा सीट मिलने का पूर्वानुमान जताने वाले एग्जिट पोल को खारिज करते हुए बीजद ने कहा कि राज्य के लिए एग्जिट पोल 2014 और 2019 के चुनावों में गलत साबित हुए हैं और यह प्रवृत्ति इस बार भी जारी रहेगी.

बीजद प्रवक्ता सस्मित पात्रा ने कहा, ”हम विधानसभा में दो-तिहाई बहुमत के साथ राज्य में सत्ता बरकरार रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. 2014 और 2019 की तरह इस बार भी एग्जिट पोल गलत साबित होंगे.” उन्होंने कहा, ”हमारे सर्वेक्षणों, विश्लेषण और जमीनी स्तर से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर हमें कम से कम 12 लोकसभा सीट और 110 विधानसभा सीट जीतने की उम्मीद है… हम राज्य में एक मजबूत और स्थिर सरकार बनाएंगे.” एग्जिट पोल ने ओडिशा में भाजपा को 15 और बीजद को पांच सीट दी हैं.

बीजद के वरिष्ठ नेता वी के पांडियन ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सबने देखा है कि कुछ राष्ट्रीय स्तर के संगठनों द्वारा वातानुकूलित कमरों में बैठकर किए गए एग्जिट पोल कितने गलत होते हैं. वर्ष 2024 के एग्जिट पोल पिछले एग्जिट पोल की पुनरावृत्ति मात्र होंगे.” बीजद विधायक पद्मनाभ बेहरा ने कहा, ”एग्जिट पोल सटीक परिणाम नहीं होते. हम बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे और राज्य में सरकार बनाएंगे. नवीन पटनायक नौ जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.” बीजद सांसद मानस मंगराज ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”एग्जिट पोल चाहे जो भी हों, मुझे पूरा विश्वास है कि जनता ने हमारी ईमानदारी, कड़ी मेहनत और समर्पण को स्वीकार किया है.”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक ताराप्रसाद बहिनीपति ने कहा कि पार्टी अपने प्रदर्शन में सुधार करेगी और राज्य में चार से पांच लोकसभा सीट जीतने की संभावना है. कांग्रेस ने 2019 में नौ विधानसभा सीट और एक लोकसभा सीट जीती थी. भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दावा किया कि एग्जिट पोल ने वास्तविकता को दर्शाया है और भाजपा राज्य में 15 लोकसभा सीट जीतेगी. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा, ”ओडिशा के लोग बदलाव चाहते हैं और सरकार में बदलाव होगा.” वर्ष 2019 में एग्जिट पोल ने भाजपा को 12-15 और बीजद को 6-8 लोकसभा सीट मिलने का अनुमान लगाया गया था, जबकि भाजपा ने आठ सीट जीती थीं और राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी को 12 सीट मिली थीं.

By Yogesh Kumar Sahu