मुंबई में अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के घर में जबरन घुसने के आरोप में महिला गिरफ्तार

मुंबई. मुंबई के पश्चिमी उपनगर खार में अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के घर में जबरन घुसने के आरोप में 48 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रहने वाली आरोपी महिला गजाला सिद्दीकी सोमवार को शहर आई और शिरली राजन रोड स्थित अभिनेता के अपार्टमेंट की इमारत में पहुंची. उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा गार्ड को कुछ बहाना करके अपने सामान के साथ इमारत में दाखिल हुई और अभिनेता के फ्लैट पर पहुंच गई.

अधिकारी ने बताया कि सिद्दीकी घर के सामने वाले कमरे में बैठी रही, जबकि रॉय कपूर के कर्मचारी यह जानने के लिए अभिनेता से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे कि क्या उन्होंने उक्त महिला को घर बुलाया है. उन्होंने बताया कि जब अभिनेता ने सिद्दीकी के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया, तो कर्मचारियों ने पुलिस से संपर्क किया. अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान सिद्दीकी ने पुलिस को बताया कि वह अभिनेता से मिलना चाहती थी. शिकायत के आधार पर खार पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला को जबरन घर में घुसने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button