
मुंबई. दिवंगत फिल्म निर्माता यश चोपड़ा की पत्नी एवं पार्श्व गायिका पामेला चोपड़ा का बृहस्पतिवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह 74 वर्ष की थीं. पामेला चोपड़ा ने लीलावती अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां उन्हें निमोनिया होने के बाद भर्ती कराया गया था. उनके परिवार में बेटे आदित्य चोपड़ा और अभिनेता उदय चोपड़ा के अलावा उनकी बहू रानी मुखर्जी हैं.
डॉ. प्रहलाद प्रभुदेसाई ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “एआरडीएस (एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम) के साथ निमोनिया होने के कारण आज सुबह उनका निधन हो गया. वह 15 दिन से आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) में भर्ती थीं.” फिल्म निर्माण कंपनी ‘यशराज फिल्म्स’ ने एक बयान में कहा कि उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा. पामेला के निधन पर जावेद अख्तर, माधुरी दीक्षित, अजय देवगन और संजय दत्त समेत कई फिल्मी हस्तियों ने अपनी संवेदना प्रकट की.
गीतकार जावेद अख्तर ने उन्हें एक “महान महिला” के रूप में याद करते हुए ट्विटर पर लिखा, “आज यश चोपड़ा की पत्नी पाम जी का निधन हो गया. मेरी तरह जिन्होंने भी यश जी के साथ काम किया है, वे उनकी पटकथा और संगीत में उनके योगदान के बारे में जानते हैं. वह एक असाधारण महिला थीं.” अभिनेत्री माधुरी ने ट्वीट किया, पामेला चोपड़ा “एक बेहद खूबसूरत महिला थीं, जिनका हास्य बोध बहुत कमाल का था और वो हमेशा सब का खयाल रखती थीं.”
वहीं, अभिनेता अजय देवगन ने लिखा, “दु:ख की इस घड़ी में आदि, रानी, ??उदय और चोपड़ा परिवार के सभी सदस्यों के साथ मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हैं. ओम शांति.” वहीं, अभिनेत्री पूनम ढिल्लों ने पामेला चोपड़ा को अपनी ‘संरक्षक’ और ‘दयालु, बुद्धिमान और उदारता की प्रतिमूर्ति ‘ के रूप में याद किया. पामेला हाल ही में ओटीटी मंच ‘नेटफ्लिक्स’ की सीरीज ‘द रोमांटिक्स’ में नजर आई थीं. यह सीरीज फिल्म निर्माण कंपनी ‘यशराज फिल्म्स’ पर आधारित थी. पामेला के पति एवं फिल्मकार यश चोपड़ा का अक्टूबर 2012 में निधन हो गया था.



