योगी आदित्यनाथ ‘निवर्तमान मुख्यमंत्री’, सभी वर्ग मिलकर उनकी सरकार को हटा देंगे: अखिलेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 May 2025 07:55 PM
योगी आदित्यनाथ ‘निवर्तमान मुख्यमंत्री’, सभी वर्ग मिलकर उनकी सरकार को हटा देंगे: अखिलेश
ऑडियो सुनें

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निवर्तमान मुख्यमंत्री बताते हुए उनकी सरकार पर ब्राह्मण विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि समाज के सभी वर्ग मिलकर इस सरकार को हटा देंगे.

यादव ने यहां पार्टी राज्य मुख्यालय पर पूर्व सपा विधायक पवन पांडेय की अगुवाई में ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करके उनकी समस्याएं सुनीं. इसके बाद उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर ब्राह्मण विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ”सत्ता में बैठे लोगों को ‘हाता नहीं भाता, तिलक नहीं लुभाता.’ क्योंकि आप विरोधी हैं. वे समुदाय (ब्राह्मण) को राजनीतिक खतरा मानते हैं और उनके खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई करते हैं.” अखिलेश यादव का इशारा पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के आवास की तरफ था, जिसे क्षेत्र में ‘हाता’ के नाम से जाना जाता था. इसे एक जमाने में गोरखपुर में ब्राह्मण राजनीति का शक्ति केंद्र (पावर सेंटर) भी माना जाता था. तिवारी के बेटे विनय शंकर तिवारी सपा के वरिष्ठ नेता हैं.
आदित्यनाथ को ‘निवर्तमान मुख्यमंत्री’ (आउटगोइंग सीएम) बताते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि वह निवर्तमान मुख्यमंत्री हैं, इसीलिए अन्याय ज्यादा हो रहा है.

उन्होंने कहा कि ब्राह्मण उत्पीड़न का सवाल उनकी पार्टी के लोगों ने कोई पहली बार नहीं उठाया है. उन्होंने कानपुर देहात में एक परिवार को जिंदा जलाने की पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब उस परिवार का बेटा न्याय मांगने गया तो उसे सर्दी में पुलिस ने कपड़े उतारकर पीटा था. यादव ने कहा कि उन्हें बाद में पता चला कि पुलिस पैसे मांग रही थी. उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब पुलिस ने पैसे के लिए ऐसी कार्रवाई की हो.

उन्होंने ब्राह्मण समाज का जिक्र करते हुए कहा कि वह भी पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) का हिस्सा हैं. उन्होंने ब्राह्मण समुदाय से कहा कि जब वह कभी अपना नाम संक्षेप में लिखते होंगे तो ‘पीडी’ लिखते होंगे, तो वह तो पहले से ही पीडीए में शामिल हैं. पूर्व मुख्यमत्री ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार अन्याय कर रही है. यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में हिरासत में मौत की घटनाएं सबसे ज्यादा हो रही हैं. उन्होंने सवाल किया कि पुलिस को आखिर कौन इसकी आजादी दे रहा है.

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा, ”जब आप विधानसभा में बोलेंगे कि ठोक दो. जब आप पुलिस से राजनीतिक काम लेंगे. जब आप अपने राजनीतिक विरोधियों को जेल भेजने के लिए पुलिस का इस्तेमाल करेंगे. जब आजम खान साहब को जेल भेजा गया. तो इससे चीजें स्पष्ट हो जाती हैं.” यादव ने भ्रष्टाचार तथा अन्य आरोपों में जेल में बंद पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ”उनके परिवार के लोग मुझसे मिले और मुझे बताया कि मुख्यमंत्री जी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि यदि वे भाजपा को वोट देते हैं तो प्रजापति जी के सब मुकदमे वापस हो जाएंगे. प्रजापति जी के परिवार ने उन्हें वोट दे दिया लेकिन प्रजापति अब भी जेल में हैं. ये लोग वोट के लिए किसी हद तक जा सकते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu