‘हमारी वजह से आप लोगों के पास कपड़े, जूते और मोबाइल हैं’ ; भाजपा विधायक के बयान पर विवाद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Jun 2025 07:57 PM
‘हमारी वजह से आप लोगों के पास कपड़े, जूते और मोबाइल हैं’ ; भाजपा विधायक के बयान पर विवाद
ऑडियो सुनें

छत्रपति संभाजीनगर. महाराष्ट्र के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक बबनराव लोणीकर ने एक सभा में विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि उनकी पार्टी और सरकार की आलोचना करने वालों को पता होना चाहिए कि उन्हें “कपड़े, जूते, मोबाइल, योजनाओं का आर्थिक लाभ तथा बुवाई के लिए पैसे हमारी वजह से मिल रहे हैं.” मध्य महाराष्ट्र के जालना जिले में अपने विधानसभा क्षेत्र परतुर में ‘हर घर सोलर’ योजना से संबंधित एक समारोह में राज्य के पूर्व मंत्री लोणीकर ने भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का जिक्र किया और अपनी पार्टी के आलोचकों पर निशाना साधा.

लोणीकर की विवादास्पद टिप्पणी का एक वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर आने के बाद विपक्ष ने इसकी कड़ी आलोचना की. भाजपा से ताल्लुक रखने वाले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इन टिप्पणियों को गलत बताया. लोणीकर को सभा में कहते सुना जा सकता है, ”कुछ लोग और खासतौर पर युवा सोशल मीडिया पर हमारी और हमारी पार्टी की आलोचना करते हैं. हमने आपके गांव में पानी की टंकी, कंक्रीट की सड़कें, समारोह स्थल बनवाए और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया.”

विधायक वीडियो में यह कहते भी सुने जा सकते हैं, “बबनराव लोणीकर ने आलोचना करने वालों की माताओं को वेतन दिया और उनके पिताओं के लिए पेंशन भी स्वीकृत की. (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी ने (पीएम किसान सम्मान निधि का संदर्भ) आपके पिता को बुवाई के लिए 6,000 रुपये दिए. आपकी बहन ‘लाडकी बहिन योजना’ का लाभ उठा रही है. आपके (भाजपा आलोचकों के) पास जो कपड़े, जूते, मोबाइल फोन हैं, वे सब हमारी वजह से हैं.” मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपनी पार्टी के सहयोगी की टिप्पणी से जोरदार तरीके से असहमति जताई और इसे ”बिल्कुल गलत” बयान बताया.

उन्होंने कहा, ”भले ही उनकी टिप्पणी कुछ खास लोगों के लिए थी, लेकिन किसी को भी ऐसी बातें कहने का अधिकार नहीं है. प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि ‘मैं प्रधान सेवक हूं’. चूंकि हम लोगों के सेवक हैं, तो हम उनके मालिक नहीं हो सकते. लोणीकर की टिप्पणी बिल्कुल गलत है और उन्हें बोलने में सावधानी बरतनी चाहिए.” शिवसेना (उबाठा) के विधान परिषद सदस्य और सदन में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे ने भाजपा विधायक की टिप्पणियों के लिए उन पर निशाना साधा और उन्हें ”अंग्रेजों का स्वदेशी संस्करण” करार दिया.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी भाषा बोलना ठीक नहीं है.

दानवे ने लोणीकर पर निशाना साधते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “आपका विधायक का दर्जा लोगों की वजह से है. आपके कपड़े, जूते, हवाई टिकट, नेतागिरी, (आपकी) कार में ईंधन भी लोगों की वजह से है.” शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा, ”लोगों को (लोणीकर के) ये शब्द याद रखने चाहिए. (राज्य में नगर निकायों के) चुनाव आ रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu