जुकरबर्ग ने एलन मस्क के साथ अपनी लड़ाई के बारे में ‘थ्रेड्स’ पर किया पोस्ट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Aug 2023 09:45 PM
जुकरबर्ग ने एलन मस्क के साथ अपनी लड़ाई के बारे में ‘थ्रेड्स’ पर किया पोस्ट
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मेटा के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) के मालिक एलन मस्क के साथ प्रस्तावित ‘केज-फाइटिंग’ के बारे में बताने के लिए सोमवार को ‘थ्रेड्स’ का सहारा लिया. थ्रेड्स एक सोशल नेटर्विकंग मंच है, जिसकी पेशकश मेटा ने की है. माना जा रहा है कि इसे ट्विटर के मुकाबले लाया गया है. इससे पहले मस्क ने रविवार को कहा था कि जुकरबर्ग के साथ उनकी संभावित सीधी लड़ाई को उनकी सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर सीधा प्रसारित किया जाएगा.

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जुकरबर्ग ने थ्रेड्स पर मस्क की पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया. उन्होंने साथ ही लिखा, ”क्या हमें अधिक भरोसेमंद मंच का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, जो वास्तव में चैरिटी के लिए धन जुटा सके?” प्रौद्योगिकी क्षेत्र के दोनों कारोबारी दिग्गजों के बीच लड़ाई की तैयारी के बारे में जुकरबर्ग ने थ्रेड्स पर लिखा, ”मैं आज तैयार हूं. जब उन्होंने पहली बार चुनौती दी थी, तो मैंने 26 अगस्त का सुझाव दिया था, लेकिन उन्होंने इसकी पुष्टि नहीं की है.”

उन्होंने आगे लिखा, ”मुझसे अब और इंतजार नहीं हो रहा है.” कथित तौर पर दोनों जून के अंत में ‘केज-फाइट’ के लिए तैयार हुए थे. गौरतलब है कि जुकरबर्ग मार्शल आर्ट में प्रशिक्षित हैं और हाल ही में उन्हें ब्राजीलियाई सेल्फ मार्शल आर्ट और लड़ाकू खेल जिउ-जित्सु में ब्लू बेल्ट दिया गया था. मस्क ने सोमवार सुबह एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि वह लड़ाई के लिए वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूई) के प्रारूप को चुनेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu