असम में हिरासत में लिए गए सीजेपी के आशुतोष रांका और उनकी टीम, अभिजीत दिपके ने किया विरोध, स्कूलों की हकीकत दिखाने आई थी सीजेपी की टीम

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sun, 27 Sep 2026 02:52 PM
असम में हिरासत में लिए गए सीजेपी के आशुतोष रांका और उनकी टीम, अभिजीत दिपके ने किया विरोध, स्कूलों की हकीकत दिखाने आई थी सीजेपी की टीम
ऑडियो सुनें

कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनकी टीम को गुवाहाटी में हिरासत में ले लिया गया है। उनका कहना है कि हिमंत बिस्वा सरमा को डर है कि अगर हम असम में स्कूलों की हकीकत दिखाएंगे तो देश को उनकी हालत के बारे में पता चल जाएगा.

आशुतोष रांका ने खुद इसकी जानकारी दी है। वहीं, CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके ने भी इसका विरोध किया है। अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा- हिमंत, इतना डर ​​क्यों रहे हैं? अभिजीत दिपके ने पोस्ट किया कि असम पुलिस ने आशुतोष रांका और CJP की टीम को हिरासत में ले लिया है और उन्हें किसी अज्ञात जगह ले जा रही है। वकील उस जगह के बाहर खड़े हैं, जहां उन्हें हिरासत में रखा गया है, लेकिन पुलिस उन्हें अंदर नहीं जाने दे रही है।

आशुतोष रांका ने कहा, “हिमंत बिस्वा सरमा डरे हुए हैं कि अगर हम असम के स्कूलों की असलियत दिखाएंगे, तो देश को उनकी हालत के बारे में पता चल जाएगा। हिमंत बिस्वा सरमा इसलिए डरे हुए हैं, क्योंकि काजीरंगा में हमारे लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं, और जमीन, जंगल और पानी छीनकर कॉर्पोरेट्स को दिए जा रहे हैं।”

बताया जा रहा है कि असम के गुवाहाटी में आशुतोष रांका और उनकी टीम असम में वॉलंटियर्स के साथ एक छोटी सी मीटिंग करने जा रहे थे। वॉलंटियर्स मीटिंग शुरू होने से पहले ही पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। CJP ने गुवाहाटी में अपनी पहली क्षेत्रीय वॉलंटियर्स मीटिंग आयोजित करने की तैयारी की थी। पार्टी के मुताबिक, कार्यक्रम में कई नेता और वॉलंटियर्स शामिल होने वाले थे। संगठन का आरोप है कि पुलिस ने कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले रास्ते रोक दिए और मीटिंग में आने वाले लोगों को भी वहां पहुंचने से रोका। आशुतोष रांका शनिवार से असम में थे और उन्हें इस बैठक को संबोधित करना था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group