बड़ा हादसा : डबल डेकर बस बनी आग का गोला ! शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला बाहर, सो रहे यात्रियों ने भागकर जान बचाई, अब तक 9 की मौत

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Thu, 24 Sep 2026 08:56 AM
बड़ा हादसा :  डबल डेकर बस बनी आग का गोला ! शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला बाहर, सो रहे यात्रियों ने भागकर जान बचाई, अब तक 9 की मौत
ऑडियो सुनें

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक स्लीपर बस में भीषण आग लग गई है। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की खबर सामने आ चुकी है।

बताया जा रहा है कि जब हादसा हुआ तब बस में 35 लोग सवार थे। इनमें से कई लोग आग में बुरी तरह से झुलस गए। अब तक इस घटना में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। फायर फाइटर की टीम मौके पर पहुंची और बस में लगी आग को बुझाया।

सामने आई जानकारी के अनुसार, यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती टूरिस्ट बस में अचानक से आग लग गई। ये आग नोएडा से करीब 34 किलोमीटर आगे जेवर कार्गो एयरपोर्ट के पास लगी। आग लगी बस का दहलाने वाला वीडियो भी सामने आया है। बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालात ऐसे थे कि सवारियों ने समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

बस में सवार एक यात्री ने बताया- “मैं सो रही थी तभी किसी ने गेट को खटखटाया। जब मैं जागी, तो वहां पहले से ही बहुत भीड़ थी। मैंने अपना कोई सामान नहीं उठाया; यहां तक कि जूते भी नहीं पहने। बस अपना फोन लिया और बाहर निकल आई। इतनी भीड़ थी कि लोग एक-दूसरे से धक्का-मुक्की कर रहे थे। मुझे भी धक्के लगे लेकिन आख़िरकार किसी ने मुझे बाहर खींचा। उसके बाद मुझे कुछ भी याद नहीं। चारों तरफ धुआं ही धुआं था।

अफ़रा-तफ़री मची हुई थी और बाहर निकलना बहुत मुश्किल था। इतना ज्यादा धुआं था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। लोग अंदर दम घुटने से परेशान थे। बहुत कम लोग ही बच पाए, सिर्फ वही जो धक्का-मुक्की के बीच रास्ता बनाकर बाहर निकल सके। कई लोगों की जान चली गई। मेरे पीछे भी काफी लोग थे जो शायद बाहर नहीं निकल पाए, क्योंकि मैं खुद भी काफी देर से बाहर निकल पाई थी।”

वहीं, एक अन्य यात्री ने कहा- “जब मैं सो रहा था, तो किसी ने मुझे जगाकर बताया कि बस में आग लग गई है, और हम सब बाहर निकलने के लिए हड़बड़ी में भागे। वहां से निकलना आसान नहीं था, बहुत ज्यादा धुआं था। घबराहट के बीच हम किसी तरह बाहर निकल पाए। बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी।” आपको बता दें कि इससे पहले भी कुछ समय पहले ग्रेटर नोएडा में आग बुझाने के दौरान हादसा हो गया था। दीवार और बीम गिरने से 2 दमकलकर्मियों की मौत हो गई थी और 3 लोग घायल हो गए थे।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
CMO की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है और मृतकों के परिवारों से बात की और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group