Bisleri on FSSAI Notice: बिसलेरी ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से नोटिस जारी किए जाने की खबरों पर सफाई दी है। कंपनी ने एक्स पोस्ट में बताया कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है। इस लेख में दी गई सभी बातें कंपनी के दावे हैं।
गोवा प्लांट का सैंपल
कंपनी के मुताबिक सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके एक प्लांट में पानी के एक बैच की जांच की गई थी। यह प्लांट कंपनी के 143 प्लांट्स में से एक है। 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने इस प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी तय मानकों पर खरे उतरे।
छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा
कंपनी के अनुसार छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली, जबकि इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
अपील और रेफरल लैब की जांच
कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस नतीजे के खिलाफ अपील की। इसके बाद FSSAI ने सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा। बिसलेरी का कहना है कि रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली। हालांकि लैब ने सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी बताई।
दूसरी लैब में भी कराई जांच
दोनों जांच के नतीजों में अंतर होने के कारण कंपनी ने उसी सैंपल की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक दूसरी लैब में कराई। कंपनी का दावा है कि इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली। बिसलेरी ने बताया कि उसने 2 फरवरी 2026 को अपनी जांच रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दी थी।
‘कोई नोटिस नहीं मिला’
कंपनी के मुताबिक रिपोर्ट भेजने के बाद FSSAI की तरफ से कोई जवाब नहीं आया और उसे लगा कि मामला बंद हो गया है। उसका कहना है कि उसे अब तक ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए कोई नोटिस नहीं मिला है और वह FSSAI की वेबसाइट पर भी नोटिस नहीं ढूंढ पाई है।
कंपनी का दावा: पानी सुरक्षित
बिसलेरी ने कहा कि पानी की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और उसकी निर्माण प्रक्रिया के 10 चरणों में 90 से ज्यादा तरह की जांच की जाती हैं। कंपनी ने कहा कि वह नियामक प्रक्रिया में FSSAI का सहयोग करती रहेगी और दावा किया कि बिसलेरी का पानी पीने के लिए सुरक्षित है।