मशहूर न्यूरोसर्जन कार में जिंदा जले, डिवाइडर से टकराने के बाद वोल्वो कार में लगी आग, वीडियो वायरल

संभावना है कि नींद पूरी न होने के कारण चालक का कार पर नियंत्रण बिगड़ा होगा। इसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई

तेलंगाना के सूर्यपेट जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पिल्लालामरी के पास NH-365BB पर खम्मम के मशहूर न्यूरोसर्जन डॉ के जगदीश बाबू की वोल्वो कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई। कार में आग लगने से डॉक्टर की जलकर मौत हो गई।

यह हादसा सुबह करीब 7:15 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि डॉ. जगदीश बाबू खम्मम से हैदराबाद जा रहे थे। वहां उनका परिवार रहता है. खम्मम रूरल सर्किल इंस्पेक्टर जी राजशेखर के अनुसार, शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि नींद पूरी न होने के कारण चालक का कार पर नियंत्रण बिगड़ा होगा। इसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक, टक्कर के साथ ही कार में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

डॉक्टर अंदर फंस गए और उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आग की वजह से शव बुरी तरह जल गया था जिसके चलते शुरुआत में मृतक की पहचान करना मुश्किल हुआ। बाद में मृतक की पहचान डॉ. के. जगदीश बाबू के रूप में हुई। वह एक निजी मेडिकल कॉलेज में न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रमुख के साथ-साथ खम्मम के एक अस्पताल में न्यूरोसर्जन के तौर पर कार्यरत थे।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद सूर्यपेट के कुछ डॉक्टर भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सूर्यपेट सरकारी जनरल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और घटनास्थल से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button