भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के 18 साल के बेटे आर्यवीर सहवाग को घरेलू क्रिकेट में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने आर्यवीर को आगामी वीणू मांकड़ ट्रॉफी के लिए दिल्ली की पुरुष अंडर-19 टीम का कप्तान बनाने का ऐलान किया है.
डीडीसीए की जूनियर पुरुष सेलेक्शन कमेटी की बैठक के बाद 16 सदस्यीय टीम चुनी गई है. यह टूर्नामेंट 8 अक्टूबर से विशाखापट्टनम में खेला जाना है, जहां दिल्ली की युवा टीम आर्यवीर की कप्तानी में अपनी चुनौती पेश करेगी. टीम में अर्नव बुग्गा को उपकप्तान बनाया गया है.
आर्यवीर सहवाग ने हाल ही में इंटरनेशनल लेवल पर अपनी छाप छोड़ी है. पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के दौरान उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम में डेब्यू किया था. इस सीरीज के पहले मैच में उन्होंने 28 रन बनाए थे. वहीं, दूसरे मुकाबले में वो 47 रन बनाकर रन आउट हो गए थे, इसके बाद तीसरे मैच में भी अच्छी शुरुआत करते हुए उन्होंने 34 रनों की उपयोगी पारी खेली थी.
18 साल के आर्यवीर के पास सीनियर लेवल के टी20 क्रिकेट का भी अनुभव है. वो इस साल दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लॉयंस फ्रेंचाइजी का हिस्सा थे. उन्होंने टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 24 रन बनाए. सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने का फायदा अब उन्हें अंडर-19 लेवल पर कप्तानी करते समय मिलेगा. जिसके चलते दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने ये बड़ा फैसला लिया है.
वीणू मांकड़ ट्रॉफी के लिए दिल्ली की 16 सदस्यीय टीम
आर्यवीर सहवाग (कप्तान), तन्मय चौधरी, अर्नव बुग्गा (उपकप्तान), धन्य नकड़ा, उदय चावला, गर्व कुमार, अभिराज गगन सिंह (विकेटकीपर), तरुण सिंह (विकेटकीपर), आर्यन शर्मा, ओजसदीप सिंह, किरीट कौशिक, वरुण वंजानी, रुद्र देव यादव, प्रद्युम्न सानन, पार्थ राज, शांतनु यादव.