माता-पिता, बहन की हत्या के आरोप में 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 05 Dec 2024 02:12 PM
माता-पिता, बहन की हत्या के आरोप में 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली के नेब सराय इलाके में अपने माता-पिता और बहन की हत्या के आरोप में बृहस्पतिवार को 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पास के जंगल से उसके खून से सने कपड़े और अपराध में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सेवानिवृत्त सैनिक राजेश कुमार (51), पत्नी कोमल (46) और उनकी बेटी कविता (23) बुधवार सुबह देवली गांव स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी अर्जुन तंवर के अपने माता-पिता के साथ अच्छे संबंध नहीं थे और वह इस बात से भी नाराज था कि उसके माता-पिता उसकी बहन को ज्यादा पसंद करते हैं।

पुलिस ने बुधवार देर रात संजय वन से उसकी खून से सनी स्वेटशर्ट और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। पूछताछ के दौरान तंवर ने पुलिस को बताया कि उसने सबसे पहले अपनी बहन की गला रेतकर हत्या की, जब वह सो रही थी।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद वह ऊपर गया और उसने अपने पिता की गर्दन पर चाकू से वार किया तथा ‘वॉशरूम’ में मौजूद अपनी मां का भी गला रेत दिया। उन्होंने बताया कि इसके बाद तंवर ने अपने खून से सने कपड़े बदले, उन्हें अपने जिम बैग में डाला और संजय वन गया, जहां उसने अपराध में इस्तेमाल चाकू के साथ-साथ उन कपड़ों को भी फेंक दिया।

अधिकारी ने बताया कि घर लौटकर उसने ‘वॉशरूम’ और घर में अन्य सामान पर लगे खून के धब्बों को साफ किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद तंवर ने पुलिस को झूठा बयान देते हुए दावा किया कि जब परिवार के सदस्यों की हत्या हुई तब वह जिम में था।

आरोपी दिल्ली विश्वविद्यालय के एक कॉलेज में राजनीति विज्ञान का छात्र है और एक प्रशिक्षित मुक्केबाज है। उसने राज्य मुक्केबाजी प्रतियोगिता में दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया था और रजत पदक जीता था। उसने पहले धौला कुआं के आर्मी पब्लिक स्कूल में पढ़ाई की थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital