ओडिशा के बारगढ़ में 2000 साल पुरानी कलाकृतियां मिलीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jun 2022 10:02 PM
ओडिशा के बारगढ़ में 2000 साल पुरानी कलाकृतियां मिलीं
ऑडियो सुनें

संबलपुर. ओडिशा के बारगढ़ जिले के बरपाली में खुदाई के दौरान 2000 साल पुरानी कलाकृतियां बरामद की गईं, जो मौर्योत्तर काल की सभ्यता को उजागर करती हैं. बरपाली में असुरगढ़ के सांस्कृतिक क्रम का पता लगाने के उद्देश्य से गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग द्वारा 31 मई को स्थल पर खुदाई शुरू की गई थी. खुदाई में लगभग 60 छात्रों ने भाग लिया था. खुदाई स्थल 17 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में फैला है. सहायक प्रोफेसर अतुल प्रधान ने कहा कि इसमें दो खंदक और तीन प्रवेश द्वार वाले दो किले मिले हैं.

उन्होंने कहा कि उत्खनन और बरामद कलाकृतियों से यह निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि यह बस्ती मौर्योत्तर काल के बाद की एक शहरी बस्ती थी, जो लगभग 2,000 साल पुरानी है. खुदाई के दौरान प्राचीन कलाकृतियां जैसे सिक्के, मुहरें, लोहे के हथियार और खंडित टेराकोटा की मूर्तियां पाई गईं. बड़ी संख्या में घुंडीदार बर्तन मिले, जो प्रारंभिक शहरीकरण की एक अनूठी विशेषता होने के साथ व्यापार और वाणिज्य के प्रतीक हैं. खुदाई में एक लोहा गलाने वाला चूल्हा भी मिला.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu