म्यांमा में स्कूल पर हवाई हमले में छात्रों समेत 22 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 May 2025 07:46 PM
म्यांमा में स्कूल पर हवाई हमले में छात्रों समेत 22 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. म्यांमा की सेना ने सोमवार को देश के सागाइंग क्षेत्र के एक स्कूल पर हवाई हमला किया, जिसमें 20 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत हो गई. यह जानकारी एक प्रतिरोध समूह के सदस्यों, सहायता कार्यकर्ताओं और मीडिया की खबरों से मिली. उन्होंने बताया कि क्षेत्र के तबायिन कस्बे के ओहे हतेइन ट्विन गांव (जिसे डेपायिन के नाम से भी जाना जाता है) में सुबह हुए हमले में कई छात्र घायल हो गए.

न तो सैन्य सरकार और न ही सरकार-नियंत्रित मीडिया ने कथित हवाई हमले के बारे में जानकारी जारी की है. सेना ने अपने शासन के खिलाफ व्यापक सशस्त्र संघर्ष को रोकने के लिए हवाई हमलों में बढ़ोतरी की है. फरवरी 2021 में आंग सान सू की की निर्वाचित सरकार का तख्तापलट करने के बाद से म्यांमा में सेना सत्ता पर काबिज है. गैर-सरकारी संगठनों द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, सेना के सत्ता में आने के बाद से अब तक सुरक्षा बलों द्वारा 6,600 से अधिक नागरिकों की हत्या की जा चुकी है.

सेना के शासन के खिलाफ लड़ने वाले प्रतिरोध समूह ‘व्हाइट डेपेयिन पीपुल्स डिफेंस फोर्स’ के एक सदस्य ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि एक लड़ाकू विमान ने स्कूल पर बम गिराया. यह इलाका म्यांमा के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से लगभग 115 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में है.

हमले के स्थल पर पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे प्रतिरोध समूह के लड़ाकों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि स्कूल पर हुए हमले में 20 छात्र और दो शिक्षक मारे गए तथा करीब 50 घायल हो गए. आसपास के तीन घर क्षतिग्रस्त हो गए. इस स्कूल का संचालन देश के लोकतंत्र समर्थक संगठनों द्वारा किया जाता है. उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में हाल में कोई लड़ाई नहीं हुई है, हालांकि सागाइंग प्रतिरोध का गढ़ है. सैन्य शासन के खिलाफ प्रतिरोध का समन्वय करने वाला मुख्य विपक्षी समूह ‘नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट’ के प्रवक्ता ने. फोन लैट ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu