लीबिया में एक सामूहिक कब्र से 24 अज्ञात शव बरामद किए गए

काहिरा: लीबिया के सिर्ते शहर में एक सामूहिक कब्र मिली है जिसमें से 24 अज्ञात शव बरामद किए गए हैं। इस शहर पर कभी ‘इस्लामिक स्टेट’ समूह का कब्जा था। लीबिया की एक सरकारी एजेंसी ने यह जानकारी दी।

लापता लोगों की तलाश और पहचान के लिए काम करने वाली राष्ट्रीय एजेंसी ने बताया कि उनकी टीम को राजधानी त्रिपोली से लगभग 450 किलोमीटर पूर्व में सिर्ते शहर में 24 शव मिले हैं जिनमें से 17 शव तबाह हो चुकी इमारतों के नीचे से बरामद किए गए हैं।

यह सामूहिक कब्र कब की है, इसके बारे में कोई विवरण नहीं दिया गया। दिसंबर 2016 में अमेरिका सर्मिथत बलों द्वारा आतंकवादियों को खदेड़े जाने से पहले, सिर्ते पर कई वर्षों तक ‘आईएस’ का कब्जा रहा। इस आतंकी गुट ने 2011 के विद्रोह के बाद लीबिया में फैली अशांति का फायदा उठाया।

लीबिया के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने जांच के लिए कुल 59 अज्ञात शवों के डीएनए नमूने लिए हैं। यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जिन शवों के नमूने लिये गए हैं उनमें सिर्ते में बरामद 24 शव भी शामिल हैं या नहीं। इन शवों को शहर के एक कब्रिस्तान में दफना दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button