मोदी सरकार के सुरक्षा मुहैया नहीं कराने के कारण पहलगाम में 26 लोग मारे गए : खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 May 2025 08:11 PM
मोदी सरकार के सुरक्षा मुहैया नहीं कराने के कारण पहलगाम में 26 लोग मारे गए : खरगे
ऑडियो सुनें

होसपेट. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 पर्यटक मारे गए, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने वहां सुरक्षा मुहैया नहीं कराई थी. खरगे ने अपना दावा दोहराया कि पिछले महीने पहलगाम आतंकवादी हमले से पहले खुफिया रिपोर्ट मिलने के बाद मोदी ने अपना कश्मीर दौरा रद्द कर दिया था.

इसके अलावा, उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद विभिन्न देशों की यात्रा पर जाने वाले सांसदों के प्रतिनिधिमंडलों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि इस मामले में कांग्रेस से चर्चा नहीं की गई. केंद्र सरकार द्वारा कांग्रेस सांसद शशि थरूर को प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए चुनने से विवाद पैदा हो गया है, क्योंकि विपक्षी पार्टी द्वारा नामित चार सांसदों में उनका नाम शामिल नहीं था.

खरगे ने आरोप लगाया, ”पहलगाम में 26 लोगों की हत्या इसलिए हुई क्योंकि मोदी सरकार ने वहां सुरक्षा मुहैया नहीं कराई. वहां गए पर्यटकों को पुलिस, सीमा (सुरक्षा) बल या सेना की ओर से सुरक्षा नहीं दी गई.” यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”26 लोग मारे गए, लेकिन फिर भी मोदी ने इसके (सुरक्षा की कमी के) बारे में एक शब्द नहीं बोला और केवल वही बोला जो वह बोलना चाहते थे.” खरगे ने कहा कि हाल में उठाए गए उनके सवालों के जवाब उन्हें अभी तक नहीं मिले हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को 17 अप्रैल को कश्मीर जाना था, लेकिन खुफिया विभाग ने वहां संभावित दिक्कत का हवाला देते हुए उन्हें वहां न जाने और यात्रा रद्द करने को कहा.

मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए खरगे ने कहा, ”जब आपको यह पता था – जब आपने 17 अप्रैल को कश्मीर जाने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया था – तो आपने पुलिस के माध्यम से पर्यटकों को इसके बारे में क्यों नहीं बताया? आपने उनसे (पर्यटकों) क्यों नहीं कहा कि वे वहां न जाएं, क्योंकि वहां कुछ परेशानी हो सकती थी? अगर आपने उन्हें बताया होता, तो 26 लोगों की जान बच जाती.” वह कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस कार्यक्रम में, पात्र लाभार्थियों को 1.11 लाख से अधिक भूमि-अधिकार पत्र वितरित किए गए, जिनकी ”बिना दस्तावेज वाली बस्तियों” को राजस्व गांव घोषित किया गया है.

पाकिस्तान के साथ तनाव का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि पाकिस्तान हमेशा भारत को परेशान करना चाहता है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान खुद कमजोर है लेकिन उसने चीन के समर्थन से देश पर हमला करने की कोशिश की है. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”हमारा देश ऐसी चीजों को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा. हम इस पर एकजुट हैं. इसलिए हमने अपने देश का विरोध करने वालों के खिलाफ लड़ाई में सरकार को समर्थन दिया है. देश महत्वपूर्ण है, उसके बाद धर्म, जाति और अन्य चीजें आती हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि लेकिन अब जो हुआ है वो ये है कि मोदी महत्वपूर्ण हो गए हैं और देश उसके बाद आता है.

खरगे ने दावा किया, ”उन्हें (प्रधानमंत्री को) बचाने के लिए विशेष जानकारी दी जाती है, लेकिन आम लोगों और गरीबों को बचाने के लिए नहीं.” इस बात का जिक्र करते हुए कि मोदी ने हाल में सरकार के माध्यम से कहा था कि सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल विदेश भेजा जाएगा, खरगे ने कहा, ”उन्होंने (मोदी) हमसे नहीं पूछा. एकतरफा तौर पर उन्होंने यह फैसला लिया, लेकिन देश की खातिर हमने कुछ नहीं कहा और हम अपने देश का पक्ष रखने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में अपने प्रतिनिधियों को विदेश भेज रहे हैं.”

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश को बचाना कांग्रेस का लक्ष्य है और वह इस मामले में पार्टी लाइन या श्रेय या बदनामी नहीं देखती.
उन्होंने कहा, ”हमने (कांग्रेस ने) उस देश को आजादी दिलाई जो वर्षों से गुलाम था. इसे बचाना हमारा कर्तव्य है. हमने आंबेडकर और नेहरू के नेतृत्व में इस देश के लिए संविधान तैयार किया, इसे बचाना हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य है, तथा हम ऐसा करेंगे. भाजपा केवल झूठ बोलती है.” खरगे ने कहा कि जब सभी दल देश पर चर्चा करने के लिए मिले, तब मोदी बिहार में एक रैली को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक दो बार बुलाई गई, लेकिन प्रधानमंत्री उनमें शामिल नहीं हुए.

उन्होंने कहा, ”अगर आपमें देशभक्ति थी तो हमें बुलाने के बाद आप उस बैठक में क्यों नहीं गए. क्या कारण है? अगर हम ऐसी बैठकों में नहीं जाते हैं तो हम देशद्रोही हैं, लेकिन जब वह नहीं जाते, तो वह देशभक्त हैं. सिर्फ भाषण देने से देश का कल्याण संभव नहीं है, सभी को साथ लेकर चलना होगा.” कर्नल सोफिया कुरैशी पर मध्य प्रदेश के मंत्री की टिप्पणी के लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा, ”ऐसे लोगों को किस तरह की सजा दी जानी चाहिए? देश की सशस्त्र सेना में सेवारत एक महिला के खिलाफ टिप्पणी की जा रही है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मंत्री का इस्तीफा मांगा है, लेकिन मोदी अभी भी उन्हें पद पर बनाए हुए हैं. खरगे ने कहा, ”पहले भाजपा में मौजूद गद्दारों को हटाओ और फिर बोलो…उन्हें (सोफिया कुरैशी) निशाना बनाया गया क्योंकि उनके नाम में कुरैशी था. भाजपा ऐसे बुरे लोगों से भरी हुई है. मोदी, पहले उन्हें हटाओ.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu