भारत में कोविड-19 के 2,876 नए मामले, 98 और लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Mar 2022 07:34 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,876 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या 4,29,98,938 हो गई है. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 32,811 रह गई है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 98 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,16,072 हो गई. देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 32,811 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.08 प्रतिशत है. पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,106 की कमी दर्ज की गई. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.72 प्रतिशत हो गई है.

अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 4,24,50,055 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है. वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 180.60 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं. संक्रमण की दैनिक दर 0.38 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.44 प्रतिशत दर्ज की गई. देश में अभी तक कुल 78.05 करोड़ नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 7,52,818 नमूनों की जांच पिछले 24 घंटे में की गई.

उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे.

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे.
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 98 मामले सामने आए, जिनमें से 72 मामले केरल में सामने आए.

आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 5,16,072 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र में 1,43,757, केरल में 66,958, कर्नाटक में 40,024, तमिलनाडु में 38,024, दिल्ली में 26,143, उत्तर प्रदेश में 23,492 और पश्चिम बंगाल में 21,189 लोगों की मौत हुई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu