राजग की बैठक में शामिल हुए भाजपा सहित 38 राजनीतिक दल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Jul 2023 09:03 PM
राजग की बैठक में शामिल हुए भाजपा सहित 38 राजनीतिक दल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक बैठक मंगलवार को यहां स्थित एक पंचसितारा होटल में हुई, जिसमें सत्ताधारी गठबंधन ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया. आगामी लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकजुटता के जारी प्रयासों के बीच राजग की यह बैठक हुई.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इस बैठक में शामिल हुए. उन्होंने बैठक में उपस्थित नेताओं से एक-एक कर मुलाकात की. राजग में शामिल हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री के पैर छुए जिसके बाद मोदी ने उन्हें गले लगाकर उनका अभिनंदन किया. भाजपा ने दावा किया कि इस बैठक में 38 दलों के नेता शामिल हुए. भाजपा की तरफ से बैठक में मोदी और जे पी नड्डा के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी सहित अन्य नेता शामिल हुए.

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बैठक में भाजपा के अलावा, शिवसेना (शिंदे), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार), राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (पशुपति कुमार पारस), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक), अपना दल (सोनेलाल), नेशनल पीपुल्स पार्टी, नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन, सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा, मिज.ो नेशनल फ्रंट, इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा, नगा पीपुल्स फ्रंट और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के नेता शामिल हुए.

इनके अलावा, असम गण परिषद, पट्टली मक्कल काची (अंबुमणि रामदास), तमिल मनीला कांग्रेस, असम की यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त), राष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी, हरियाणा की जननायक जनता पार्टी, प्रहार जनशक्ति पार्टी, राष्ट्रीय समाज पक्ष, महाराष्ट्र की जन सुराज्य शक्ति पार्टी, मणिपुर की कुकी पीपुल्स अलायंस, मेघालय की यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी और हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, निषाद पार्टी, पुडुचेरी की ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्यूलर), जन सेना पार्टी, हरियाणा लोकहित पार्टी, भारत धर्म जन सेना, केरल कामराज कांग्रेस, पुठिया तमिलागम पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और गोरखा नेशनल लिबरेशन फ्रंट के नेता भी बेठक में शामिल हुए.

प्रधानमंत्री के बैठक स्थल पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष नड्डा, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के जीतन राम मांझी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के ई पलानीस्वामी सहित कुछ अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया.

बैठक में भाग लेने पहुंचे दलों के विभिन्न नेताओं का स्वागत केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने किया.
बैठक आरंभ होने से ठीक पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र का राजग समय की कसौटी पर खरा उतरा है, जो राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाना चाहता है और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करना चाहता है.

प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ”यह बहुत खुशी की बात है कि पूरे भारत से हमारे मूल्यवान सहयोगी आज दिल्ली में राजग की बैठक में भाग लेंगे. हमारा गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है, जो राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाना चाहता है और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करना चाहता है.” मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान राजग की इस स्तर की यह पहली बैठक है जो ऐसे समय में हो रही है, जब विपक्षी दलों ने आज ही बेंगलुरू में अपनी दूसरी बैठक की और अपने गठबंधन का नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया)’ रखा है. इससे पहले, पोर्ट ब्लेयर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए बेंगलुरू में हुई उनकी बैठक को ‘कट्टर भ्रष्टाचारी सम्मेलन’ करार दिया और दावा किया कि देश के लोग 2024 के लोकसभा चुनाव में फिर एक बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार को वापस लाने का मन बना चुके हैं.

वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नये एकीकृत र्टिमनल का वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन करने के बाद मोदी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि एकजुट हो रहे विपक्षी दलों के लिए देश के गरीबों के बच्चों का विकास नहीं, बल्कि अपने बच्चों व भाई-भतीजों का विकास मायने रखता है और ‘अपना परिवार बचाओ, परिवार के लिए भ्रष्टाचार बढ़ाओ’ ही इनकी एकमात्र विचारधारा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu