वित्तीय सहायता की दो योजनाओं के लिए 4.37 लाख छात्राओं ने पंजीकरण कराया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 26 Jun 2024 10:31 AM
वित्तीय सहायता की दो योजनाओं के लिए 4.37 लाख छात्राओं ने पंजीकरण कराया
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद: गुजरात सरकार द्वारा कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की पात्र छात्राओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए मार्च में शुरू की गई दो योजनाओं के तहत लगभग 4.37 लाख लड़कियों ने पंजीकरण कराया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मंगलवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि ‘नमो लक्ष्मी योजना’ के लिए 4.03 लाख छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। वहीं लगभग 37,000 छात्राओं ने ‘शाला प्रवेशोत्सव – कन्या केलवणी महोत्सव 2024’ के तहत ‘नमो सरस्वती विज्ञान साधना योजना’ के लिए नामांकन कराया है। यह गुजरात में पहली कक्षा में छात्राओं के नामांकन के लिए एक वार्षिक अभियान है।

‘नमो लक्ष्मी योजना’ के तहत सरकार शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए नौवीं कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक, प्रवेश लेने की इच्छुक लड़कियों को चार साल की अवधि में 50,000 रुपये प्रदान करेगी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह योजना उन लड़कियों के लिए लागू है जिनके परिवार की आय छह लाख रुपये प्रति वर्ष से कम है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि नौवीं कक्षा में प्रवेश लेने के बाद लाभार्थी को हर साल दस महीने तक 500 रुपये प्रति माह मिलेंगे और शेष 10,000 रुपये दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा पास करने के बाद दिए जाएंगे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि 11वीं और 12वीं कक्षा के लाभार्थियों को हर साल दस महीने तक 750 रुपये प्रति माह मिलेंगे और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा पास करने के बाद 15,000 रुपये दिए जाएंगे।

इस योजना के तहत सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में पढ़ने वाली लड़कियों को शामिल किया गया है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘नमो सरस्वती विज्ञान साधना योजना’ का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विज्ञान विषय चुनने और उसमें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

कक्षा 11वीं और 12वीं में विज्ञान विषय चुनने वाले छात्र-छात्राओं को दस महीने तक 1000 रुपये प्रति माह मिलेंगे जो दो साल में कुल 20,000 रुपये होंगे और शेष 5,000 रुपये 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा पास करने के बाद दिए जाएंगे।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि जून और जुलाई महीनों के लिए दोनों योजनाओं के तहत सहायता राशि लाभार्थी की मां के बैंक खाते में या उसके स्वयं के खाते में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण) के माध्यम से जमा की जाएगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav