वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 5.83 करोड़ आयकर रिटर्न दाखिल, अंतिम दिन रिकॉर्ड 72.42 लाख ITR

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Aug 2022 09:24 PM
वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 5.83 करोड़ आयकर रिटर्न दाखिल, अंतिम दिन रिकॉर्ड 72.42 लाख ITR
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आयकर विभाग को वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 31 जुलाई, 2022 तक 5.83 करोड़ आयकर रिटर्न (आईटीआर) मिले हैं. इनमें से रिकॉर्ड 72.42 लाख रिटर्न अंतिम दिन भरे गए. 31 जुलाई ही आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तारीख थी. शुरुआत में आईटीआर भरने की गति धीमी थी लेकिन समयसीमा पास आने के साथ इसकी गति बढ़ती गई और अंतिम दिन रिकॉर्ड 72.42 लाख रिटर्न दाखिल हुए.

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘72 लाख से अधिक आईटीआर अंतिम तारीख यानी रविवार को एक दिन में भरे गए.’’ बयान में कहा गया कि आकलन वर्ष 2022-23 के लिए 31 जुलाई, 2022 तक दाखिल कुल आईटीआर की संख्या लगभग 5.83 करोड़ है.
आयकर रिटर्न का यह आंकड़ा वित्त वर्ष 2020-21 के लिए दायर 5.89 करोड़ रिटर्न की संख्या के लगभग बराबर है. तब रिटर्न भरने की समयसीमा 31 दिसंबर, 2021 तक बढ़ा दी गई थी. आमतौर पर रिटर्न दाखिल करने वाले आखिरी दिन तक इंतजार करते हैं और फिर रिटर्न भरते हैं.

सरकार ने पिछले दो वित्त वर्षों के दौरान कोविड-19 महामारी के कारण करदाताओं के लिए अनुपालन को आसान बनाने को लेकर आईटीआर दाखिल करने की समयसीमा बढ़ा दी थी. लेकिन इस साल समयसीमा एक दिन भी नहीं बढ़ाई गई. नए नियमों के अनुसार, आकलन वर्ष 2022-23 के लिए 31 दिसंबर तक आईटीआर दाखिल करने वालों (पांच लाख रुपये से अधिक की वार्षिक आय वाले) को 5,000 रुपये का विलंब शुल्क या जुर्माना देना होगा. वहीं, पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले व्यक्तियों को 1,000 रुपये के विलंब शुल्क का भुगतान करना होगा.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu