भारत में कोविड-19 के 797 नए मामले, पांच मरीजों की मौत…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 29 Dec 2023 12:35 PM
भारत में कोविड-19 के 797 नए मामले, पांच मरीजों की मौत…
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: देश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 797 नए मामले सामने आए तथा उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,091 दर्ज की गई। देश में इस साल 19 मई के बाद से एक दिन में सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के ये सबसे अधिक मामले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण से पांच लोगों की मौत हुई है।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में कोविड-19 से केरल में दो जबकि महाराष्ट्र, पुडुचेरी और तमिलनाडु में एक-एक मरीज की मौत हुई है।

इससे पहले देश में 19 मई 2023 को संक्रमण के 865 नए मामले दर्ज किए गए थे। ठंड और कोरोना वायरस के नए उपस्वरूप के कारण हाल के दिनों में संक्रमण के मामलों में तेजी आई है। इससे पहले पांच दिसंबर तक दैनिक मामलों की संख्या घटकर दहाई अंक तक पहुंच गई थी।

वर्ष 2020 की शुरुआत से अब तक लगभग चार वर्षों में देश भर में कोरोना वायरस से लगभग साढ़े चार करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए तथा इससे 5.3 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, अब तक संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढक़र 4.4 करोड़ हो गई है। स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। मंत्रालय के अनुसार, देश में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 220.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav