कर्नाटक: विमान परिचारिका और उसके परिवार की हत्या के मामले में आरोपपत्र दाखिल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 13 Feb 2024 01:01 PM
कर्नाटक: विमान परिचारिका और उसके परिवार की हत्या के मामले में आरोपपत्र दाखिल
ऑडियो सुनें

मंगलूरु: कर्नाटक में उडुपी पुलिस ने एक विमान परिचारिका (एयरहोस्टेस) और उसके परिवार के तीन सदस्यों की पिछले वर्ष हुई हत्या के सनसनीखेज मामले में सोमवार को यहां न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और 90 दिनों की निर्धारित अवधि के भीतर आरोप पत्र दायर किया गया है। यह मामला पिछले वर्ष 12 नवंबर को उडुपी के नेजारू में एक परिवार के चार सदस्यों की उनके घर के अंदर चाकू मारकर हत्या किए जाने से संबंधित है। मामले का एकमात्र आरोपी प्रवीण अरुण चौगुले है।

आरोप पत्र के अनुसार, चौगुले एक निजी विमान कंपनी के चालक दल के सदस्य के रूप में कार्यरत था। उसने एक प्रशिक्षु विमान परिचारिका अयनाज मोहम्मद (21) को सबसे पहले चाकू मारा। वह पहले उसके साथ काम करती थी। हमलावर ने परिचारिका की मां हसीना (47), बड़ी बहन अफनान (23) और भाई असीम (14) की भी चाकू से गोद कर हत्या कर दी थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने हसीना की सास हकीरा पर भी हमला किया था लेकिन वह खुद को शौचालय में बंद करने के कारण बच गईं। पुलिस ने आरोप पत्र में बताया कि आरोपी और अयनाज के ‘‘संबंधों में समस्याएं पैदा हो गई’’ थीं।

चौगुले को अपराध के दो दिन बाद गिरफ्तार कर लिया गया था और तब से वह न्यायिक हिरासत में है।
इससे पहले अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी और हाल में पैरोल पर रिहाई के उसके आवेदन को भी खारिज कर दिया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav