एसटीएफ ने बोतल बम मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Feb 2024 07:59 PM
एसटीएफ ने बोतल बम मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया
ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने कथित तौर पर एक व्यक्ति को बोतलों का उपयोग करके टाइम बम तैयार करने के लिए कहने वाली एक महिला को मुजफ्फरनगर में गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी कुछ दिन पहले ही एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए जावेद नामक एक व्यक्ति की निशानदेही पर की गई है . जावेद को लोहे के छर्रों से भरी कांच की बोतलों का उपयोग कर टाइम बम बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.

एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि जावेद मुजफ्फरनगर में पकड़ी गई महिला इमराना को बम सौंपने जा रहा था. एसटीएफ ने रविवार को लखनऊ में एक बयान जारी कर बताया कि उसकी मेरठ इकाई की एक टीम ने खुफिया जानकारी के बाद शनिवार शाम मुजफ्फरनगर जिले की निवासी इमराना को गिरफ्तार किया. बयान के मुताबिक इमराना जावेद को लंबे समय से जानती थी और उसने उसे बम बनाने के लिए कहा था. जावेद को तब गिरफ्तार किया गया जब वह इमराना को चार बम सौंपने जा रहा था.

इमराना ने कथित रूप से एसटीएफ अधिकारियों को बताया कि 2013 में मुजफ्फरनगर सांप्रदायिक दंगों में उसका घर जला दिया गया था और इसे लेकर उसमें खासी नाराजगी थी. उसने जावेद से मुलाकात कर कुछ बम बनवाये थे ताकि आगे कोई झगड़ा या दंगा हो तो वे उसमें ‘काम’ आयेंगे.

इमराना ने बताया कि जावेद मीरापुर से अपने जानने वाले के पास से बारूद लाकर बम बनाता है.उसने कथित तौर पर यह भी कुबूल किया कि उसने पहले भी अपने घर पर ऐसे बम रखे थे, जिन्हें बाद में उसने अन्य लोगों को सौंप दिया था. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जावेद के पास से बरामद किए गए चारों बोतल बम ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी)’ थे. उन बोतलों में गन पाउडर-999, लोहे के छर्रे, रुई, पीओपी आदि भरे हुए थे. बोतल बम बनाने के संबंध में पूछताछ करने पर जावेद ने बताया कि उसने अपने पटाखा बनाने वाले चाचा अर्शी के यहां बारूद और बोतल बम बनाना सीखा था और कुछ जानकारी उसने यूट्यूब और इंटरनेट के जरिए हासिल की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu