समाज को भय मुक्त बनाने के लिए अपराधियों में पुलिस का खौफ जरूरी: मंत्री बृजमोहन अग्रवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Feb 2024 10:11 PM
समाज को भय मुक्त बनाने के लिए अपराधियों में पुलिस का खौफ जरूरी: मंत्री बृजमोहन अग्रवाल
ऑडियो सुनें

रायपुर. पुलिस की नौकरी बहुत कठिन और चुनौतीपूर्ण होती है. पुलिस कर्मियों को अक्सर लंबे समय तक काम करना पड़ता है और उन्हें विपरीत कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है. पुलिस कर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना चाहिए और उन्हें लोगों के साथ अच्छे संबंध बनाने में सक्षम होना चाहिए. शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने यह बात आज राजधानी रायपुर स्थित पुलिस लाइन में आयोजित एकलव्य शूटिंग प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में कही.

मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि समाज को भय मुक्त बनाने के लिए अपराधियों में पुलिस का खौफ होना जरूरी है. वो तभी संभव होगा जब त्वरित निर्णय लेने की क्षमता के साथ ही लक्ष्य और निशाना दोनो अचूक होगा. इसके लिए समय-समय शूटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन बहुत जरूरी है. जिससे आपको अपनी क्षमता और कमजोरियों का पता चलता है, जिसके अनुसार आप बदलाव ला सकते है. उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस की वारफेयर को और अधिक निपुण बनाने के और अत्याधुनिक हथियारों से लैस करने की बात कही.

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि पुलिस कर्मी सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. पुलिस कर्मियों को कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभानी होती हैं, जैसे कानून व्यवस्था बनाए रखना जिसमे अपराधों को रोकना, अपराधियों को पकड़ना और आमजनों की सुरक्षा करना शामिल है. इसके साथ ही आपातकालीन सेवाएं प्रदान करना, सार्वजनिक सुरक्षा, सामाजिक न्याय, जांच आदि.

इस अवसर पर अग्रवाल ने शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को मेडल प्रदान किया. कार्यक्रम में एसपी संतोष कुमार, उप मुख्य चुनाव आयुक्त नीलेश कुमार क्षीरसागर समेत पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu