चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव : वरिष्ठ उपमहापौर एवं उपमहापौर पदों पर भाजपा की जीत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Mar 2024 08:56 PM
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव : वरिष्ठ उपमहापौर एवं उपमहापौर पदों पर भाजपा की जीत
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. चंडीगढ़ नगर निगम के लिए सोमवार को हुए पुनर्मतदान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों ने आम आदमी पार्टी (आप) सर्मिथत कांग्रेस उम्मीदवारों को पछाड़कर वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर के पद पर जीत दर्ज की. भजपा नेता कुलजीत सिंह संधू वरिष्ठ उपमहापौर और राजिंदर शर्मा उपमहापौर चुने गए हैं.

उच्चतम न्यायालय ने चंडीगढ़ महापौर चुनाव के 30 जनवरी को घोषित परिणाम को 20 फरवरी को पलट दिया था जिसमें भाजपा उम्मीदवार मनोज सोनकर को विजेता घोषित किया गया था. न्यायालय ने परिणाम को पलटते हुए आप-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार कुलदीप कुमार को शहर का नया महापौर घोषित किया था. न्यायालय ने 30 जनवरी के चुनाव के संचालन में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद निर्वाचन अधिकारी अनिल मसीह, जो भाजपा नेता हैं, के खिलाफ ”गंभीर कदाचार” के लिए मुकदमा चलाने का भी आदेश दिया था.

चूंकि वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर के पद के चुनाव के लिए महापौर पीठासीन अधिकारी होता है, इसलिए महापौर के बदलने पर इन पदों के लिए दोबारा मतदान कराया गया. इन पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया का संचालन आम आदमी पार्टी (आप) के कुमार ने किया जिन्होंने हाल में चंडीगढ़ के महापौर का पदभार संभाला है. वरिष्ठ उपमहापौर पद के चुनाव में संधू को 19 वोट मिले जबकि कांग्रेस नेता गुरप्रीत गाबी को 16 वोट मिले. एक वोट अवैध घोषित किया गया.

उपमहापौर पद के चुनाव में शर्मा ने कुल 36 वोट में से 19 वोट हासिल करके कांग्रेस नेता निर्मला देवी को पराजित कर दिया. इन भाजपा उम्मीदवारों ने पिछली बार भी जीत दर्ज की थी. कुल 35 सदस्यीय नगर निगम सदन में भाजपा के 17 पार्षद हैं. तीन आम आदमी पार्टी (आप) पार्षदों के 19 फरवरी को भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा की संख्या 14 से बढ़कर 17 हो गई थी. ‘आप’ के 10 सदस्य हैं जबकि कांग्रेस के सात सदस्य हैं. शिरोमणि अकाली दल का एक पार्षद है.

भाजपा नेता एवं चंडीगढ़ से सांसद किरण खेर को भी निगम के पदेन सदस्य के रूप में मतदान का अधिकार है. चंडीगढ़ से भाजपा सांसद किरण खेर को भी निगम के पदेन सदस्य के रूप में मतदान का अधिकार है. दोनों पदों के लिए मतदान संपन्न होने के बाद महापौर कुमार ने सुचारु रूप से चुनाव संपन्न कराने के लिए पार्षदों को धन्यवाद दिया. महापौर ने 30 जनवरी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से होने चाहिए और लोकतंत्र की हत्या नहीं की जानी चाहिए.

पत्रकारों से बात करते हुए वरिष्ठ उपमहापौर कुलजीत संधू ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को “पूरी तरह से विफल” करार दिया.
दोनों पदों पर जीत के बाद सांसद किरण खेर ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को बधाई दी. खेर से पत्रकारों ने पूछा कि जब महापौर और उनके दो डिप्टी अलग-अलग पार्टियों से आते हैं, तो क्या सदन में एजेंडा पेश किए जाने पर कोई टकराव की उम्मीद की जा सकती है. इस पर खेर ने कहा कि जब सार्वजनिक कल्याण से संबंधित मुद्दे उठाए जाते हैं तो कोई दलगत राजनीति नहीं होनी चाहिए.

खेर ने कहा, “भाजपा ईमानदारी से काम करती है. हमारे पास एक ऐसा प्रधानमंत्री है जो लोगों के लिए दिन-रात काम करता है, कमजोर वर्गों के जीवन में बदलाव लाने के लिए कड़ी मेहनत करता है.” हार के बाद कांग्रेस के गुरप्रीत गाबी ने कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं. उन्होंने कहा, ”आज हमने दिल जीत लिया है. जनवरी के चुनाव में क्या हुआ था, इसे पूरे देश ने देखा था. हमने दिखाया है कि कैसे निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराए जाते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu