रामकृष्ण मिशन के स्वामी स्मरणानंदजी महाराज को देखने अस्पताल में पहुंचे मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Mar 2024 10:44 PM
रामकृष्ण मिशन के स्वामी स्मरणानंदजी महाराज को देखने अस्पताल में पहुंचे मोदी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार शाम कोलकाता पहुंचे और रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष स्वामी स्मरणानंदजी महाराज को देखने अस्पताल गए. स्वामी स्मरणानंदजी महाराज अस्वस्थ हैं और उनका रामकृष्ण मिशन सेवा प्रतिष्ठान में उपचार किया जा रहा है.

मोदी उत्तर 24 परगना जिले के बारासात में एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां संदेशखाली स्थित है और बुधवार को हावड़ा मैदान और कोलकाता के एस्प्लेनेड के बीच देश के पहले अंडरवाटर मेट्रो खंड का उद्घाटन करेंगे. कोलकाता पहुंचने के बाद मोदी रामकृष्ण मिशन सेवा प्रतिष्ठान गए, जहां रामकृष्ण मठ एवं मिशन के अध्यक्ष स्वामी स्मरणानंदजी महाराज का उपचार किया जा रहा है. मोदी ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली.

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”कोलकाता पहुंचने पर, अस्पताल गया और रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष श्रीमत स्वामी स्मरणानंद जी महाराज के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली. हम सभी उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र कुशल होने की प्रार्थना कर रहे हैं.” सूत्रों ने बताया कि 95 वर्षीय स्वामी स्मरणानंद जी महाराज रामकृष्ण मठ एवं मिशन के 16वें अध्यक्ष हैं. सूत्रों के अनुसार वह उम्र संबंधी बीमारियों के कारण एक महीने से अधिक समय से अस्पताल में भर्ती हैं. मोदी ने इससे पहले हावड़ा के बेलूर इलाके में रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय का दौरा किया था.

प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि अस्वस्थ स्वामी स्मरणानंद जी महाराज से मिलने के बाद प्रधानमंत्री राजभवन गए, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे. प्रधानमंत्री बुधवार सुबह हावड़ा मैदान और कोलकाता के एस्प्लेनेड के बीच देश के पहले अंडरवाटर मेट्रो खंड का उद्घाटन करेंगे जिसका एक हिस्सा हुगली नदी के नीचे से गुजरता है. मोदी कवि सुभाष-हेमंत मुखोपाध्याय और तारातला-माजेरहाट मेट्रो खंड का भी उद्घाटन करेंगे. साथ में वह अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे. दोपहर में वह एक जनसभा को संबोधित करने के लिए बारासात जाएंगे.

प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि संदेशखाली की “प्रताड़ित महिलाएं” रैली स्थल पर मौजूद रहेंगी. संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं द्वारा महिलाओं का कथित रूप से यौन शोषण करने को लेकर प्रदर्शन हुए थे. उन्होंने कहा, “अभी यह पता नहीं है कि संदेशखाली की पीड़िताएं प्रधानमंत्री से मिलेंगी या नहीं.” पिछले हफ्ते, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा था कि अगर “प्रताड़ित महिलाएं” प्रधानमंत्री से मिलने की इच्छा व्यक्त करती हैं, तो पार्टी मुलाकात कराएगी. प्रधानमंत्री की रैली अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से दो दिन पहले होगी.

मोदी ने पिछले हफ्ते पश्चिम बंगाल में दो रैलियों को संबोधित किया, जिनमें से एक हुगली जिले के आरामबाग और दूसरी नदिया जिले के कृष्णानगर में हुई थी. उन्होंने संदेशखाली में “महिलाओं पर अत्याचार” को लेकर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर जोरदार हमला किया था. उन्होंने कहा था कि पूरा देश इस मुद्दे पर गुस्से में है और उन्होंने लोगों से आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी की हार सुनिश्चित करने का आह्वान किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu