गुवाहाटी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने बुधवार को कहा कि अगर लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी सत्ता में आई तो वह संशोधित नागरिकता अधिनियम-2019 (सीएए) को रद्द कर देगी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मणिपुर का दौरा नहीं करने को लेकर भी निशाना साधा. पूर्वोत्तर का यह राज्य पिछले साल मई से ही जातीय हिंसा से जूझ रहा है.
खेड़ा ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”असम में बाहर से आए लोगों के वैध तरीके से निवास की अंतिम तारीख 1971 है, लेकिन सीएए इसे हटा देगा क्योंकि उसमें अंतिम तारीख 2014 होगी.” वह असम समझौते के अनुसार, बांग्लादेश से असम में प्रवेश करने वाले लोगों को भारतीय नागरिकता देने के लिए 25 मार्च, 1971 की अंतिम तारीख का जिक्र कर रहे थे.
सीएए के तहत केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने 31 दिसंबर 2014 को या इससे पहले बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए प्रताड़ित गैर-मुस्लिम प्रवासियों-हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के लोगों को भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान किया है.
खेड़ा ने कहा, ”शरणार्थियों से जुड़ा कोई भी कानून संवैधानिक प्रावधानों पर आधारित होना चाहिए, इससे ऊपर कुछ नहीं… कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो सीएए को रद्द कर देगी.” दिसंबर 2019 में संसद द्वारा सीएए पारित होने और राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद पूर्वोत्तर क्षेत्र सहित देश के कुछ हिस्सों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे. गृह मंत्रालय नियम बनाने के लिए संसदीय समिति से नियमित अंतराल पर समय विस्तार की मांग करता रहा है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले महीने कहा था कि सीएए को लागू करने के लिए नियमों की घोषणा लोकसभा चुनाव से पहले की जाएगी. प्रधानमंत्री मोदी का इस सप्ताह असम का दौरा करने का कार्यक्रम है. कांग्रेस नेता खेड़ा ने मणिपुर नहीं जाने पर प्रधानमंत्री की आलोचना की.
खेड़ा ने कहा, ”प्रधानमंत्री मणिपुर जाने से क्यों डरते हैं? हमारा उनसे अनुरोध है कि जब वह यहां आएं तो कम से कम आधे घंटे के लिए मणिपुर का दौरा करें.” खेड़ा ने कहा कि शर्मा राज्य में अधिकतर समय हेलीकॉप्टर से दौरा करते हैं और वह मोदी को इस सप्ताह के उत्तरार्ध में मणिपुर का दौरा करने के लिए अपने हेलीकॉप्टर की पेशकश कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि असम से वहां जाने में महज आधे घंटे का समय लगेगा.
मणिपुर में पिछले साल मई में शुरू जातीय हिंसा में अब तक 219 लोगों की जान जा चुकी हैं. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भष्टाचार में संलिप्त हैं. उन्होंने दावा किया कि जनता उन्हें माकूल जवाब देगी. खेड़ा ने कहा, ”गुवाहाटी के लोग चिंतित हैं कि अगर उनके मकान, जमीन, होटल मुख्यमंत्री के परिवार की नजर में आ गए तो उन्हें छीन लिया जाएगा. हमें सत्ता में आने दीजिए, मुख्यमंत्री के सभी भ्रष्टाचार, उनके द्वारा कब्जा की गई जमीनों… सभी को न्याय मिलेगा.” खेड़ा ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान असम में अच्छा प्रदर्शन करेगी.
उन्होंने दावा किया, ”कांग्रेस के सर्वेक्षण के मुताबिक हम अच्छा करेंगे और अधिक सीट पर जीत दर्ज करेंगे. इस बार असम रिकॉर्ड तोड़ेगा और हम निश्चित तौर पर जीतेंगे. यही वजह है कि हिमंत विश्व शर्मा ने नियमित अंतराल पर प्रधानमंत्री के दौरे का आह्वान किया है.” खेड़ा के मुताबिक कांग्रेस के सर्वेक्षण में महंगाई के अलावा बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा बनकर सामने आया है. राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के बारे में खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस विभिन्न राज्यों से इसके गुजरने के दौरान विभिन्न गारंटी की घोषणा कर रही है.
उन्होंने कहा, ”जब राहुल गांधी न्याय के बारे में बात करते हैं तो लोग महसूस करते हैं और याद करते हैं कि संप्रग सरकार ने किसानों के लिए क्या किया था. न्याय यात्रा पिछले 10 साल के अन्याय के खिलाफ हो रही है. हर घंटे, एक किसान आत्महत्या कर रहा है. इस परिस्थिति में कांग्रेस द्वारा न्याय की बात करना अधिक प्रासंगिक हो गया है.” विपक्षी नेता ने दावा किया कि भाजपा द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए जारी पहली सूची में शामिल कई उम्मीदवार कांग्रेस के संपर्क में है. उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस विभिन्न लोगों से परामर्श कर रही है और आगामी आम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जल्द जारी की जाएगी.
भाजपा नेताओं द्वारा अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने नाम के साथ ‘मोदी का परिवार’ लिखने के सवाल पर खेड़ा ने कहा, ”मैं आश्वस्त हूं कि विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी…सभी अपने परिचय में बदलाव करेंगे और मोदी का परिवार कहेंगे. मेरा मानना है कि लालू यादव जी ने जाल बिछाया जिसमें मोदी और पूरी भाजपा फंस गई.”
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर ‘परिवार नहीं होने’ का तंज कसा था जिसके जवाब में मोदी ने सोमवार को कहा कि 140 करोड़ भारतीय ‘मेरा परिवार’ है. भाजपा भी लोकसभा में विपक्ष को किनारे करने के इरादे से ‘मोदी का परिवार’ अभियान चला रही है. कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर खेड़ा ने तेलंगाना का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा, ”उस राज्य में चुनाव से एक साल पहले पार्टी की स्थिति ऐसी थी कि हम जानते नहीं थे कि क्या करें.”