युवाओं के लिए ‘पांच गारंटी’ से ‘रोजगार क्रांति’ आएगी, नौजवानों की तकदीर बदलेगी: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Mar 2024 10:30 PM
युवाओं के लिए ‘पांच गारंटी’ से ‘रोजगार क्रांति’ आएगी, नौजवानों की तकदीर बदलेगी: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि युवाओं के लिए उसकी ओर से घोषित ‘पांच गारंटी’ से देश में ‘रोजगार क्रांति’ की शुरुआत होगी तथा नौजवानों की तकदीर बदलेगी. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजस्थान के बांसवाड़ा में युवाओं के लिए पांच बड़ी घोषणाएं कीं जिनमें भर्ती भरोसा, पहली नौकरी पक्की, पेपर लीक से मुक्ति, ‘गिग इकॉनमी’ में सामाजिक सुरक्षा एवं युवा रोशनी शामिल हैं.

इस घोषणा के बाद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”देश के युवाओं! कांग्रेस आपको 5 ऐतिहासिक गारंटियां दे रही है जो आपकी तकदीर बदल देगी.” उन्होंने कहा, ” भर्ती भरोसा : 30 लाख सरकारी पदों पर तत्काल स्थायी नियुक्ति की गारंटी. पहली नौकरी पक्की : हर स्नातक और डिप्लोमाधारी को एक लाख रूपये प्रतिवर्ष मानदेय के ‘अप्रेंटिसशिप’ (प्रशिक्षुता) की गारंटी. पेपर लीक से मुक्ति : पेपर लीक रोकने के लिए नया कानून बना कर विश्वसनीय ढंग से परीक्षा के आयोजन की गारंटी. ‘गिग इकॉनोमी’ में सामाजिक सुरक्षा. युवा रोशनी : 5000 करोड़ रुपये के राष्ट्रीय कोष से ज.लिा स्तर पर युवाओं को स्टार्ट-अप फंड देकर उन्हें उद्यमी बनाने की गारंटी.”

कांग्रेस नेता ने कहा, ”युवाओं के सपनों को हकीकत बनाना कांग्रेस का संकल्प है.” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”2024 में कांग्रेस की सरकार बनते ही, देश के युवाओं को भर्ती भरोसा देकर, एक नयी ‘रोजगार क्रांति’ की शुरुआत होगी.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इन ‘पांच गारंटी’ का उल्लेख करते हुए कहा, ”पिछले 10 साल के ‘अन्याय काल’ को भयंकर बेरोजग़ारी संकट से समझा जा सकता है. इस ‘अन्याय काल’ ने लाखों शिक्षित और महत्वाकांक्षी युवाओं को अपना आर्थिक भविष्य बेहतर बनाने या राष्ट्र निर्माण में योगदान देने से वंचित कर दिया है.” उन्होंने कहा, ”हम युवाओं के लिए ऐसे कदम उठाएंगे जिससे कि हर युवा अपना भविष्य सुरक्षित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए सक्षम होगा. अन्याय के इस अंधकार में हम न्याय का दीया जलाएंगे.”

भाजपा और बीजद एक ही सिक्के के दो पहलू: कांग्रेस

कांग्रेस ने ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच गठबंधन के स्पष्ट संकेत मिलने के बाद बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि ये दोनों दल एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि अब यह सच्चाई सामने आती हुई दिख रही है कि बीजद और भाजपा द्वारा एक दूसरे का विरोध करना सिर्फ दिखावा है.

ओडिशा में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और बीजू जनता दल में गठबंधन के संकेत मिल रहे हैं. सूत्रों का कहना कि भाजपा और बीजद में गठबंधन होने की पूरी संभावना है लेकिन इस पर शीर्ष नेतृत्व निर्णय लेगा और यह विभिन्न पहलुओं, खासतौर पर सीट बंटवारे पर निर्भर करेगा.

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”हम हमेशा से कहते रहे हैं कि बीजद और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. बीजद ने हमेशा संसद में भाजपा का समर्थन किया है और राज्य में दोनों एक-दूसरे के प्रति जो भी विरोध दिखाते हैं वह महज दिखावा है. सच्चाई सामने आती हुई प्रतीत होती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu