दोषियों को दंडित करने के साथ ही पेपर लीक के मामलों को रोकेंगे: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Mar 2024 08:36 PM
दोषियों को दंडित करने के साथ ही पेपर लीक के मामलों को रोकेंगे: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर युवाओं के लिए घोषित अपनी ‘पांच गारंटी’ में से एक ‘पेपर लीक से मुक्ति’ का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को कहा कि इस समस्या को खत्म करने के लिए मौजूदा तरीके सक्षम नहीं हैं, ऐसे में उसका लक्ष्य दोषियों को दंडित करने के साथ ही किसी भी तरह के पेपर लीक को रोकना है.

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजस्थान के बांसवाड़ा में बृहस्पतिवार को युवाओं के लिए पांच बड़ी घोषणाएं कीं जिनमें भर्ती भरोसा, पहली नौकरी पक्की, पेपर लीक से मुक्ति, ‘गिग इकॉनमी’ में सामाजिक सुरक्षा एवं युवा रोशनी शामिल हैं. काम के आधार पर मिलने वाला भुगतान और अस्थायी नौकरी ‘गिग इकॉनमी’ को परिभाषित करती है.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”कल कांग्रेस पार्टी ने देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए और करोड़ों युवाओं की समस्याओं के समाधान के वास्ते पांच युवा न्याय गारंटी की घोषणा की है. आज भाजपा के ‘डिस्टॉर्शनिस्ट’ (तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने वाले) हरकत में आ गए हैं.” उन्होंने कहा, ”हमारी एक गारंटी है पेपर लीक से मुक्ति. हमारा लक्ष्य न सिफ.र् पेपर लीक के दोषियों को दंड देना है, बल्कि किसी भी तरह के पेपर लीक को रोकना है.”

रमेश ने कहा, ”हम पेपर आधारित और कंप्यूटर आधारित दोनों ही तरह की परीक्षाओं के लिए पेपर सेट करने, प्रिंटिंग, परिवहन, प्रशासन और निरीक्षण से लेकर परीक्षा प्रक्रिया के हर चरण में ईमानदारी एवं निष्पक्षता के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करेंगे.” उन्होंने कहा, ”मौजूदा तरीका स्पष्ट रूप से पेपर लीक को रोकने में सक्षम नहीं रहा है. कई राज्यों में पेपर लीक कानून होने के बावजूद, पिछले सात वर्षों में 70 से अधिक पेपर लीक हुए हैं. ऐसा होने से दो करोड़ से अधिक उम्मीदवारों का भविष्य बर्बाद हुआ है. पेपर लीक कानून होने के बावजूद हाल में उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल हुए 60 लाख अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं.”

रमेश ने कहा कि जो युवा इन परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों बिताते हैं और अपने बेहतर भविष्य की आशा के लिए समय, मेहनत, और पैसा लगाते हैं, उनके लिए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि पेपर लीक न हों. उन्होंने कहा, ”अपराधियों को दंड देना बेहद आवश्यक है, लेकिन इस समस्या का समाधान करने के लिए यह काफ.ी नहीं है.” कांग्रेस महासचिव ने कहा, ”पेपर लीक से मुक्ति – कड़ी मेहनत करने वाले हर युवा के प्रति यह हमारी प्रतिबद्धता है.”

‘नारी न्याय’ के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है कांग्रेस: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कहा कि उनकी पार्टी ‘नारी न्याय’ के माध्यम से भारत की आधी आबादी का आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तीकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”लैंगिक न्याय एक प्रगतिशील समाज की पहचान है. हमें भेदभाव की जंजीरों को तोड़ना होगा और लैंगिक समानता के लिए लगातार प्रयास करना होगा. कांग्रेस ‘नारी न्याय’ के माध्यम से भारत की आधी आबादी का आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तीकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.”

उन्होंने कहा, ”हम महिलाओं के लिए रोजगार, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे, क्योंकि वे राष्ट्र निर्माण में समान हितधारक हैं. हमने अतीत में ऐसा किया है और कांग्रेस भविष्य में भी ऐसा करने में सक्षम है.” अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कुछ महिलाओं से मुलाकात का एक वीडियो साझा करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. पिछले साल, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान इन बच्चियों से मिल कर उनसे उनकी आकांक्षाएं पूछी थीं. अपेक्षा अनुसार उन्होंने चुनिंदा सुरक्षित करियर विकल्पों के बारे में बात की, कुछ जो समाज में लोकप्रिय हैं और कुछ जो उनके माता-पिता की आशाएं हैं.”

उन्होंने कहा, ”उन्हें आगे बढ़ाने के लिए इस बुलबुले से बाहर निकालना ज.रूरी है. इसी सोच के साथ उनकी इच्छा अनुसार कुछ को हेलीकॉप्टर की यात्रा करवाई और कुछ और को ऑपरेशन थियेटर में सर्जरी दिखाई. अब उनसे फिर से मुलाकात हुई, और आज उनका आत्मविश्वास अलग आयाम पर है – कुछ नया करने का जज़्बा है, आसमान छू लेने की अभिलाषा है.” राहुल गांधी ने कहा, ”भारत की बेटियों की कल्पना का दायरा बढ़ाना और नए विकल्प प्रस्तुत करना हमारी जिम्मेदारी और उनका अधिकार है. इसे पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu