नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने एक स्कूल पर हमला करके 287 बच्चों का अपहरण किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Mar 2024 09:43 PM
नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने एक स्कूल पर हमला करके 287 बच्चों का अपहरण किया
ऑडियो सुनें

अबुजा. नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में बृहस्पतिवार को बंदूकधारियों ने एक स्कूल पर हमला किया और कम से कम 287 छात्रों का अपहरण कर लिया. स्कूल के प्रधानाध्यापक ने अधिकारियों को यह जानकारी दी. देश में एक सप्ताह से कम वक्त में बड़ी संख्या में लोगों को अगवा किए जाने की यह दूसरी घटना है.

स्थानीय लोगों ने समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि हमलावरों ने कदूना राज्य के कुरिगा शहर में सरकारी स्कूल को सुबह करीब आठ बजे घेर लिया, उस वक्त स्कूल में छात्र आ चुके थे और अपनी दिनचर्या प्रारंभ करने वाले थे. इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि हमलावरों ने 100 से अधिक छात्रों को बंधक बना लिया है लेकिन प्रधानाध्यापक सानी अब्दुल्लाही ने कदूना के गवर्नर उबा सानी को बताया कि लापता बच्चों की संख्या 287 है.

गवर्नर ने ग्रामीणों से बातचीत की और कहा,” हम सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक बच्चा घर लौटे. हम सुरक्षा एजेंसियों के साथ काम कर रहे हैं.” फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन माना जा रहा है कि यह हमला चरवाहों के सशस्त्र गुट ने किया है. ये गुट फिरौती के लिए इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देते हैं.

क्षेत्र में तलाश अभियान जारी है और सुरक्षा बल भी वहां पहुंच चुके हैं. इस घटना से कुछ दिन पहले पूर्वोत्तर नाइजीरिया में चरमपंथियों ने 200 से अधिक लोगों का अपहरण कर लिया था, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे. पर्यवेक्षकों का कहना है कि दोनों हमले नाइजीरिया के बिगड़ते सुरक्षा हालात को दर्शाते हैं. देश में हिंसा की कई घटनाओं में 2023 में सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu