द्रमुक ने ‘इंडिया’ गठबंधन के खिलाफ मोदी की टिप्पणी को लेकर निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Mar 2024 07:01 PM
द्रमुक ने ‘इंडिया’ गठबंधन के खिलाफ मोदी की टिप्पणी को लेकर निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की
ऑडियो सुनें

चेन्नई. तमिलनाडु में सत्तारूढ. द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के खिलाफ ‘बार-बार हिंदू धर्म का अपमान करने’ संबंधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया टिप्पणी से आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होने का आरोप लगाया और निर्वाचन आयोग से उनके खिलाफ उपयुक्त कार्रवाई करने की अपील की.

द्रमुक ने मोदी को यह कहते हुए उद्धृत किया, ”इंडिया गठबंधन बार-बार और जानबूझकर हिंदू धर्म का अपमान करता है. हिंदू धर्म के खिलाफ इनका हर बयान बहुत सोचा समझा हुआ होता है. वे अन्य धर्मों के खिलाफ नहीं बोलते. लेकिन हिंदू धर्म को गाली देने में ये एक सेकंड नहीं लगाते. हम इसे कैसे सहन कर सकते हैं.” निर्वाचन आयोग को 21 मार्च को लिखे एक पत्र में द्रमुक के संगठन सचिव आर एस भारती ने आरोप लगाया कि मोदी ने लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार करने के दौरान तमिलनाडु में यह दावा किया था. इसमें कहा गया है कि मोदी की टिप्पणी जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 और आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन है.

उन्होंने पत्र में लिखा है कि यह उपयुक्त समय है कि निर्वाचन आयोग शीघ्र कार्रवाई कर हस्तक्षेप करे और ”झूठे विमर्श, धर्म और अन्य विभाजनकारी तरीकों” के आधार पर किये जा रहे चुनाव प्रचार को रोके. भारती ने कहा, ”इन परिस्थितियों में, मैं निर्वाचन आयोग से अनुरोध करता हूं कि वह इस शिकायत पर उपयुक्त कार्रवाई करे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu