भाजपा ने मुख्यमंत्री पद पर बने रहने को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 23 Mar 2024 09:12 PM
भाजपा ने मुख्यमंत्री पद पर बने रहने को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गिरफ्तारी के बावजूद अरविंद केजरीवाल के दिल्ली का मुख्यमंत्री बने रहने की आलोचना करते हुए शनिवार को कहा कि यह देश के राजनीतिक इतिहास का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण क्षण और सबसे घटिया राजनीति है.
आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं द्वारा अपने नेता (केजरीवाल) का जोरदार तरीके से बचाव करने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कटाक्ष किया कि वे (आप नेता) अब मुख्यमंत्री बनने के लिए एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं लेकिन उनकी (केजरीवाल की) पत्नी भी अब इस दौड़ में शामिल हो गई हैं.

केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को पहली बार एक संदेश पढ.ा जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी जिंदगी का प्रत्येक क्षण देश की सेवा के लिए सर्मिपत रहा है. ठाकुर ने संगरूर में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से कम से कम 20 लोगों की मौत पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि पूरी आम आदमी पार्टी किसी न किसी शराब से संबंधित घोटाले में डूब गई है.

भाजपा नेता ने केजरीवाल के प्रति विपक्षी दलों द्वारा एकजुटता दिखाने को ”चोर चोर मौसेरे भाई” की तरह बताया और कथित शराब घोटाले पर उनके खिलाफ कांग्रेस की पिछली शिकायत का हवाला देते हुए पार्टी (कांग्रेस) द्वारा उन्हें समर्थन देने पर सवाल उठाया.
ठाकुर ने कहा कि कोई यह नहीं कह रहा कि केजरीवाल निर्दोष हैं और कोई घोटाला नहीं हुआ है.

उन्होंने मुख्य विपक्षी दल पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”कांग्रेस इतनी असहाय और कमजोर क्यों हो गई है.” ठाकुर ने कहा, ”सरगना गिरफ्तार कर लिया गया है और जिसने हमें नैतिकता और ईमानदारी का ज्ञान दिया, वह कहते हैं कि वह जेल से सरकार चलायेंगे.” उन्होंने कहा कि चारा घोटाले से संबंधित भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव जैसे व्यक्ति ने भी गिरफ्तार होने से पहले इस्तीफा देकर अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बनाया था.

कांग्रेस ने पार्टी के बैंक खातों को ‘फ्रीज’ (लेनदेन पर रोक) किए जाने के मामले को लेकर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा था और आरोप लगाया था कि लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री द्वारा कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु बनाने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है.

विपक्षी दल के इस आरोप पर ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने समय पर आईटी रिटर्न दाखिल नहीं किया और सोचती है कि वह कानून से ऊपर है. ठाकुर ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी की विकास की गारंटी और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई पर विश्वास करती है. उन्होंने कहा कि वे देख सकते हैं कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है.

भाजपा नेताओं ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत अन्य भाजपा नेताओं ने शनिवार को यहां राजघाट पर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया. भाजपा का यह कदम प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा बृहस्पतिवार रात को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद आया है.

राजघाट पर भाजपा नेताओं ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाया. उन्होंने संकल्प लिया, ”हम भाजपा कार्यकर्ता यह शपथ लेते हैं कि हम भ्रष्टाचार के खिलाफ हमेशा सबसे पहले आवाज उठाएंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ ही काम करेंगे.” राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में 28 मार्च तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu